मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सतत एवं सख्त कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। उक्त निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन, इंदौर द्वारा जिलेभर में निरंतर जांच एवं नमूना कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा द्वारा जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित छात्रावासों (हॉस्टलों) में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों की विशेष जांच किए जाने के निर्देश दिए गए थे। उक्त निर्देशों के परिपालन में आज श्री घनश्याम धनगर, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), जूनी इंदौर एवं श्री अशोक परमार, तहसीलदार जूनी इंदौर के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के संयुक्त दल द्वारा इंद्रपुरी कॉलोनी, अहिल्यापुरी एवं मंगल नगर क्षेत्र में संचालित विभिन्न हॉस्टलों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई।
सत्कार गर्ल्स हॉस्टल, इंद्रपुरी कॉलोनी से 06 नमूने लिए गए
सत्कार गर्ल्स हॉस्टल, इंद्रपुरी कॉलोनी, इंदौर का निरीक्षण किया गया। मौके पर प्रभारी श्री राहुल राजपूत उपस्थित पाए गए। हॉस्टल में छात्राओं हेतु भोजन निर्माण एवं वितरण किया जाना पाया गया। निरीक्षण के दौरान किचन एवं स्टोर की साफ-सफाई संतोषजनक नहीं पाई गई। फूड हैंडलर्स के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं पाए गए तथा भोजन निर्माण में उपयोग किए जाने वाले पानी की जांच रिपोर्ट भी प्रस्तुत नहीं की गई। प्रभारी द्वारा बताया गया कि यहां तैयार किया गया भोजन उनके अन्य हॉस्टलों में भी भेजा जाता है। मौके से भोजन निर्माण में प्रयुक्त तुअर दाल, मिक्स दाल, आटा, मिर्च पाउडर, बेसन एवं चावल टुकड़ी के कुल 06 नमूने जांच हेतु लिए गए। पाई गई कमियों के संबंध में संबंधित प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया जाएगा।
वीर भगत सिंह हॉस्टल से 04 नमूने लिए गए
वीर भगत सिंह हॉस्टल, 13-A अहिल्यापुरी, इंदौर का निरीक्षण किया गया। मौके पर श्री लोकेश जाट उपस्थित पाए गए। छात्रों हेतु भोजन निर्माण एवं वितरण किया जाना पाया गया। निरीक्षण के दौरान किचन एवं स्टोर रूम की साफ-सफाई तथा खाद्य पदार्थों का रखरखाव संतोषजनक पाया गया। मौके से तुअर दाल, आटा, चावल एवं पोहा के कुल 04 नमूने जांच हेतु लिए गए।
सत्कार हॉस्टल्स, मंगल नगर से 06 नमूने लिए गए
सत्कार हॉस्टल्स, 43-A मंगल नगर, इंदौर का निरीक्षण किया गया। मौके पर प्रोपराइटर श्री शिवम शर्मा उपस्थित पाए गए। परिसर में खाद्य पदार्थों के रखरखाव एवं साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण एवं रखरखाव के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मौके से इडली मिक्स, आटा, तुअर दाल, चावल टुकड़ी, नूडल्स एवं गरम मसाला के कुल 06 नमूने जांच हेतु लिए गए।
अन्य हॉस्टलों का भी निरीक्षण
सत्कार गर्ल्स हॉस्टल्स, 50 इंद्रपुरी कॉलोनी का निरीक्षण किया गया, जहां प्रोपराइटर श्रीमती माधवी शर्मा प्रतिष्ठान का संचालन करते हुए पाई गईं। परिसर में साफ-सफाई एवं खाद्य पदार्थों के रखरखाव की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य पदार्थों के उचित रखरखाव एवं स्वच्छता बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त सत्कार गर्ल्स हॉस्टल्स, 4 मंगल नगर एवं सत्कार बॉयज हॉस्टल, 26 मंगल नगर का भी निरीक्षण किया गया, जहां खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
आओ मित्रों केक शॉप का निरीक्षण
आओ मित्रों केक शॉप का निरीक्षण किया गया। मौके पर केक, बेकरी उत्पाद एवं बेक समोसे का निर्माण एवं विक्रय किया जाना पाया गया। प्रभारी श्री शिवपाल सिंह तोमर उपस्थित पाए गए। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान संचालक को साफ-सफाई बनाए रखने एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
टिंकूज़ कैफे में निरीक्षण, प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
टिंकूज़ कैफे, भंवरकुआं चौराहा का RBIS कार्यक्रम के अंतर्गत निरीक्षण किया गया। मौके पर प्रभारी श्री नवीन मिश्रा उपस्थित पाए गए। यह क्षेत्र विद्यार्थियों की अधिक आवाजाही वाला क्षेत्र होने के कारण कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशानुसार विशेष निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान संचालक एवं स्टाफ को खाद्य पदार्थों के सुरक्षित निर्माण, भंडारण एवं परोसने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया। खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा चलित खाद्य प्रयोगशाला वाहन क्रमांक MP02AV7408 के माध्यम से मौके पर खाद्य पदार्थों की प्रारंभिक जांच कर मिलावट की पहचान संबंधी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान खाद्य कारोबारकर्ताओं एवं आमजन को व्यक्तिगत स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के उचित रखरखाव, परिसर की साफ-सफाई, अखाद्य रंगों के दुष्प्रभाव तथा खाद्य सामग्री खरीदते समय निर्माण एवं एक्सपायरी तिथि जांचने के संबंध में जागरूक किया गया। उक्त कार्रवाई श्री घनश्याम धनगर, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), जूनी इंदौर एवं श्री अशोक परमार, तहसीलदार जूनी इंदौर के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के संयुक्त दल द्वारा संपादित की गई। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों, स्वच्छता व्यवस्था एवं खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने कहा है कि छात्रावासों में निवासरत विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। हॉस्टलों, मेस एवं विद्यार्थियों से जुड़े खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच जारी रहेगी तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर श्री वर्मा ने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं आमजन से अपील की है कि यदि किसी हॉस्टल, मेस, कैंटीन अथवा खाद्य प्रतिष्ठान में गंदगी, मिलावट, अस्वच्छ परिस्थितियां, बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार अथवा अन्य खाद्य सुरक्षा संबंधी अनियमितताएं दिखाई दें तो इसकी सूचना कलेक्टर हेल्पलाइन 0731-181 पर अवश्य दें। प्राप्त शिकायतों पर प्रशासन द्वारा त्वरित जांच एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
