इंदौर के पॉश रेसकोर्स रोड इलाके में एक बड़े बिल्डर को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी मिलने का मामला सामने आया है। खुद को “हैरी बॉक्सर” बताने वाले बदमाश ने 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी और रकम न देने पर बिल्डर के बेटे को गोली मारने की धमकी दी।
मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे बिल्डर विवेक दम्मानी के ऑफिस में वॉट्सएप कॉल आया, जिसे स्टाफ ने रिसीव किया। कॉलर ने साफ कहा -“5 करोड़ दे दो, नहीं तो बेटे को कहीं भी गोली मरवा देंगे।” पहले इसे मजाक समझा गया, लेकिन उसी नंबर से आए वॉइस मैसेज के बाद ऑफिस में हड़कंप मच गया।
आरोपी ने दावा किया कि उसके पास बिल्डर और उनके बेटे की हर पल की लोकेशन है और पुलिस के पास जाने पर भी कोई फायदा नहीं होगा।
मामले की सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिस “हैरी बॉक्सर” का नाम लिया गया, उसे लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी माना जाता है। पुलिस अब कॉल करने वाले नंबर और आईपी एड्रेस को ट्रैक कर रही है।
