इंदौर की सड़कों पर ओवरटेक की वजह से बढ़ रहे सड़क हादसे, दो महीनें में 41 की मौत

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

तेज रफ्तार वाहन, ट्रैफिक नियमों की अनदेखी, शराब पीकर वाहन चलाना, ओवरटेकिंग और गलत दिशा में वाहन चलाना आदि हादसों के बड़े कारण हैं।
तेज गति और ओवरटेकिंग के कारण बढ़ रहे हादसे
बायपास पर स्ट्रीट लाइट बंद, ट्रक पार्किंग की समस्या
वर्ष 2023 में 282 और 2024 में 320 लोगों की मौत
इंदौर। इंदौर शहर में सड़क हादसों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। सबसे अधिक सड़क हादसे बायपास के आसपास हो रहे हैं, क्योंकि यहां तेज गति में वाहन चलते हैं और इन पर निगरानी के लिए कोई प्रबंधन भी नहीं है। वर्ष 2026 में जनवरी और फरवरी दो माह में 41 लोगों की सड़क हादसों में मौत हो गई है। यानी हर माह 20 लोग सड़क हादसों में अपनी जान गंवा रहे हैं।
वर्ष 2023 में 282 लोगों की मौत सड़क हादसों में हुई है। वहीं, वर्ष 2024 में यह संख्या बढ़कर 320 हो गई थी। वर्ष 2025 में सड़क हादसों में 247 लोगों की मौत हुई है। लगातार बढ़ रहे आंकड़ों के बाद भी बायपास पर अधिकांश मुख्य मार्ग और सर्विस रोड की स्ट्रीट लाइट बंद है। सड़क हादसों का एक बड़ा कारण सड़कों पर ट्रक पार्क करना भी है। दिखावे के लिए पुलिस यहां कार्रवाई करने के लिए जाती है, लेकिन अगले ही दिन स्थिति वैसी ही हो जाती है।
हादसों में कमी के दावे, सुधार न के बराबर
प्रशासन हर वर्ष ट्रैफिक सुधार, रोड सेफ्टी व जागरूकता अभियान चलाने का दावा करता है, लेकिन आंकड़े बताते हैं कि इन प्रयासों का जमीनी असर बहुत सीमित है। हालांकि 2025 के आंकड़ों में 2024 की तुलना में कुछ कमी दिखती है, लेकिन यह ‘कमी’ केवल आंकड़ों में मामूली है।
विशेषज्ञों का कहना है कि शहर में बढ़ता वाहन दबाव, सड़कों पर तेज रफ्तार वाहन, ट्रैफिक नियमों की अनदेखी, शराब पीकर वाहन चलाना, ओवरटेकिंग और गलत दिशा में वाहन चलाना आदि हादसों के बड़े कारण हैं।
थाना खुड़ैल : रविवार देर रात देवगुराड़िया स्थित ट्रेचिंग ग्राउंड के सामने बरात से लौट रही कार ट्रक में जा घुसी। जिसमें चार लोगों की मौत हो गई है। मामले में टक चालक जितेंद्र निवासी देवास को गिरफ्तार किया है। आठ लोग घायल हैं, जिनका उपचार चल रहा है। घायलों की स्थिति अभी ठीक है। एक घायल की एमवाय अस्पताल में सर्जरी हुई है।
थाना तेजाजी नगर : जनवरी माह में तेजाजी नगर ब्रिज पर पूर्व गृह मंत्री की बेटी सहित तीन लोगों की मौत हुई थी। यह घटना सुबह 5.15 बजे हुई थी। इनकी कार की गति करीब 100 किमी थी, जो सड़क किनारे खड़े डंपर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार डंपर के नीचे दब गई थी।

Exit mobile version