इंदौर अग्निकांड का सच आया सामने! बेटे ने कबूला – रात 11 बजे चार्जिंग पर लगाई थी EV कार

By Abhishek Raghuvanshi
4 Min Read

ब्रजेश्वरी (एनएक्स) में हुए अग्निकांड में पुलिस ने पुगलिया परिवार से पूछताछ शुरू कर दी है। बुधवार को मनोज पुगलिया के तीनों बेटों के बयान दर्ज किए गए हैं। सौरभ और हर्षित ने कार (ईवी) चार्जिंग पर लगाना स्वीकार लिया है।
पुगलिया परिवार के बेटों ने स्वीकारी रात 11 बजे कार चार्जिंग पर लगाने की बात
स्मार्ट मीटर डेटा से पुष्टि: रात 3 बजे तक कार चार्ज होने से बढ़ा था बिजली लोड
शादी के बचे हुए गैस सिलेंडरों ने आग में डाला घी, 8 लोगों की हुई थी मौत
इंदौर। ब्रजेश्वरी (एनएक्स) में हुए अग्निकांड में पुलिस ने पुगलिया परिवार से पूछताछ शुरू कर दी है। बुधवार को मनोज पुगलिया के तीनों बेटों के बयान दर्ज किए गए हैं। सौरभ और हर्षित ने कार (ईवी) चार्जिंग पर लगाना स्वीकार लिया है। इस बयान से ईवी से आग लगने की पुष्टि हो रही है। पिछले बुधवार को मनोज पुगलिया के मकान ‘अर्हम विला’ में आग लगी थी। हादसे में मनोज सहित सिमरन पुगलिया, विजय सेठिया, सुमन सेठिया, रुचिका संचेती, राशि, तनय और कार्तिक की जलने और दम घुटने से मौत हो गई थी।
हर्षित ने रात 11 बजे चार्जिंग पर लगाई थी कार
बिजली कंपनी और फायर सेफ्टी ने पहले ही कहा था कि आग ईवी से लगी है, मगर सौरभ ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से शिकायत कर कहा था कि पुलिस द्वारा अफवाह फैलाई जा रही है और कार का चार्जर कनेक्ट ही नहीं था। बुधवार को पुलिस ने सौरभ, सौमिल, हर्षित और दोस्त ऋषभ जादौन व शिवेंद्र के कथन लिए। करीब चार घंटे चले बयानों में सौरभ ने कहा कि कार चार्जिंग पर लगी थी, इसका उसको बाद में पता चला है। वह तो चार्जर निकाल कर सो गया था, लेकिन सबसे छोटा भाई हर्षित कार लेकर आया और करीब 11 बजे उसने चार्जिंग पर कार लगा दी थी।
स्मार्ट मीटर डेटा और गैस सिलेंडर पर खुलासा
हर्षित के बयान से बिजली कंपनी के अधिकारियों के दावों की पुष्टि हो गई है। स्मार्ट मीटर का विश्लेषण कर कंपनी ने कहा था कि कार रात 11 बजे से तीन बजे तक चार्जिंग पर थी, क्योंकि मीटर में नौ किलोवाट तक लोड नोट हो रहा था। घर में बड़ी संख्या में रखे गैस सिलेंडरों पर सौरभ ने बताया कि 23 जनवरी को भाई सौमिल की शादी थी और कुछ सिलेंडर बच गए थे। पापा (मनोज पुगलिया) ने एक कार्यक्रम के लिए सिलेंडर रखे थे। मां सुनीता के नाम अवंतिका गैस और सौरभ के नाम इंडियन गैस का कनेक्शन है।
15 किलोवाट के कनेक्शन पर था भारी लोड
बिजली कंपनी की रिपोर्ट और एक्सपर्ट पहले ही ईवी से आग लगने की संभावना जता चुके हैं। उन्होंने स्मार्ट मीटर और ट्रांसफार्मर का डेटा भी निकाल लिया है। कार प्रतिदिन रात 11 बजे से चार्जिंग पर लगाई जाती थी। घर में 15 किलोवाट का कनेक्शन स्वीकृत था और कार चार्ज करने पर 9 किलोवाट तक की खपत होती थी। आगे फोरेंसिक और बिजली कंपनी की रिपोर्ट के बाद अंतिम निष्कर्ष पर पहुँचा जाएगा। ईवी कार एक्सपर्ट भी रिपोर्ट बना रहे हैं। तीनों के मत के आधार पर ही अंतिम निर्णय होगा, हालांकि अभी तक ईवी से ही आग लगने की प्रबल संभावना है।

Exit mobile version