आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल द्वारा सिटी बस ऑफिस सभाकक्ष में जलप्रदाय एवं ड्रेनेज लाइन के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समस्त अपर आयुक्त, उपायुक्त, कार्यपालन यंत्री, झोनल अधिकारी, सहायक एवं उपयंत्री, ड्रेनेज सुपरवाइजर तथा मुख्य स्वच्छता निरीक्षक उपस्थित रहे।
बैठक में इंदौर शहर में स्थित समस्त शासकीय बोरिंग की स्मार्ट सिटी 311 ऐप के माध्यम से रजिस्ट्रेशन एवं जियो-टेकिंग की प्रक्रिया पर प्रेजेंटेशन के माध्यम से जानकारी दी गई। आयुक्त ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने झोन क्षेत्र में स्थित शासकीय बोरिंग की जियो-टेकिंग शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
आयुक्त श्री सिंघल ने सीवरेज, ड्रेनेज एवं जलप्रदाय लाइनों के इंटर-कनेक्शन, चैंबर की लोकेशन तथा वार्ड-वार अवंतिका गैस, एयरटेल एवं जिओ कंपनी की लाइनों के नक्शों की जानकारी ली। साथ ही नक्शों के आधार पर लाइन सफाई एवं लीकेज सुधार कार्य की समीक्षा की गई।
उन्होंने निर्देशित किया कि इंटर-कनेक्शन से उत्पन्न समस्याओं के समाधान हेतु सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें तथा इंटर-कनेक्शन स्थलों की जियो-टेकिंग कर आवश्यक सुधार कार्य सुनिश्चित करें। ड्रेनेज एवं सीवरेज लाइन या चैंबर पर अतिक्रमण पाए जाने पर उन्हें हटाकर नियमित सफाई कराई जाए।
इसके साथ ही सीएम हेल्पलाइन, इंदौर 311 ऐप एवं निगम कार्यालयों में प्राप्त जलप्रदाय व ड्रेनेज संबंधी शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण करने तथा जलप्रदाय लाइन लीकेज की समस्या का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए गए।
आयुक्त ने समस्त सहायक एवं उपयंत्रियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पानी के सैंपल लेकर आवश्यकता अनुसार जांच करने के भी निर्देश दिए।
