आबकारी इंदौर की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई में अवैध मदिरा के दो आरोपी गिरफ्तार

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के आदेशानुसार एवं सहायक आबकारी आयुक्त श्री अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में, कंट्रोलर श्री देवेश चतुर्वेदी तथा डिप्टी कंट्रोलर श्री मनोज अग्रवाल के निर्देशन में आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध लगातार प्रभावी अभियान संचालित किया जा रहा है। उड़नदस्ता प्रभारी कमलेश सोलंकी के नेतृत्व में विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में अवैध मदिरा के साथ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

      प्रथम कार्रवाई  01 जून 2026 को वृत्त आंतरिक क्षेत्र क्रमांक-01 के उप निरीक्षक आशीष कुमार जैन द्वारा प्राप्त सूचना के आधार पर सिंधी कॉलोनी क्षेत्र में की गई। कार्रवाई के दौरान मोबिन उर्फ हनी पिता नफीस खान, निवासी अहिल्या पलटन, सदर बाजार, इंदौर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से 100 पाव देशी मदिरा प्लेन एवं परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर का टीवीएस जुपिटर स्कूटर जप्त किया गया। जप्त मदिरा एवं वाहन का कुल अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 1.25 लाख रुपये है।

      इसी क्रम में 03 जून 2026 को कनाडिया बाईपास क्षेत्र में की गई कार्रवाई में गोविंद पिता मोहन वैरागी, निवासी देवास को अवैध मदिरा के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से 2 पेटी रॉयल चैलेंज मदिरा तथा परिवहन में प्रयुक्त टीवीएस रेडियन मोटरसाइकिल जप्त की गई। जप्त मदिरा एवं वाहन का कुल अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 80 हजार रुपये है।

      दोनों आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। उक्त दोनों कार्रवाइयों में आरक्षक मुकेश रावत, शुभम गोंड, विपुल खरे एवं वीरेन्द्र पटेल का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा। आबकारी विभाग इंदौर द्वारा अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन एवं विक्रय में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी है तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

- Advertisement -
Exit mobile version