टीएल बैठक में सीएम हेल्पलाइन, सुगम्य भारत अभियान और खाद वितरण की भी हुई समीक्षा
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में आज यहां समय-सीमा के पत्रों (टीएल) के निराकरण की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध सख्ती से कार्रवाई की जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी स्थिति में नई अवैध कॉलोनियों की बसाहट न होने पाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई करते हुए शासकीय भूमि को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराया जाए।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा भी की गई। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने निर्देश दिए कि सभी विभाग सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि केवल औपचारिक जवाब देकर प्रकरण बंद करने के बजाय आवेदकों की वास्तविक समस्या का समाधान किया जाए। जिन विभागों की प्रगति संतोषजनक नहीं है, वे विशेष अभियान चलाकर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करें। समीक्षा के दौरान लापरवाही पाए जाने पर सहायक आयुक्त, आदिम जाति कल्याण विभाग श्री नीरज पाराशर को कारण बताओ (शोकॉज) नोटिस जारी करने के निर्देश भी कलेक्टर ने दिए।
बैठक में सुगम्य भारत अभियान के तहत जिले में संचालित कार्यों की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए गये कि सभी संबंधित विभाग कार्यों में तेजी लाएं और निर्धारित लक्ष्य समय-सीमा में पूर्ण करें। उन्होंने सभी एसडीएम को नियमित मॉनिटरिंग करने तथा कार्यों की प्रगति की सतत समीक्षा करते हुए समय पर कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
खरीफ मौसम के दौरान किसानों को उर्वरकों की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि जिले में यूरिया, एनपीके सहित अन्य उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है तथा किसानों को उनकी मांग के अनुरूप समय पर खाद उपलब्ध कराई जा रही है। इस पर कलेक्टर श्री वर्मा ने निर्देश दिए कि उर्वरकों का वितरण पूरी पारदर्शिता से किया जाए। कहीं भी कृत्रिम अभाव, जमाखोरी अथवा कालाबाजारी की शिकायत नहीं आनी चाहिए। अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने, भंडारण एवं वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने तथा किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. परीक्षित झाड़े, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सिद्धार्थ जैन, अपर कलेक्टर श्री नवजीवन विजय पवार, श्री रोशन राय, स्मार्ट सिटी के सीईओ श्री अर्थ जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
