अब बीच शहर में ट्रक कटिंग:कंजर गिरोह ने तिरपाल काट 18 लाख के मोबाइल चुराए

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

हाईवे पर चलते ट्रकों से कटिंग कर माल उड़ाने वाले गिरोह ने पहली बार शहर में वारदात को अंजाम दिया। ट्रक कटिंग गिरोह के सदस्यों ने सरेराह मालवा मिल से राजकुमार ब्रिज पर चलते लोडिंग वाहन की तिरपाल काटकर 18 लाख रुपए से ज्यादा के मोबाइल चुरा लिए।
आरोपियों ने तिरपाल काट मोबाइल के बॉक्स सड़क पर फेंक दिए। फिर पीछे चल रहे गिरोह के अन्य लोग मोबाइल के बॉक्स उठाकर बाइक से भाग गए। घटना सीसीटीवी में दर्ज हुई। मामले में फरियादी 9 दिनों से थाने व पुलिस चौकी के चक्कर काटता रहा। वारदात के फुटेज भी वह खुद निकालकर लाया। इसके बाद भी थाने व चौकी से सुनवाई नहीं हुई तो वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। तब जाकर शनिवार को तुकोगंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई।
एडिशनल डीसीपी जोन-3 रामस्नेही मिश्रा ने बताया कि लोडिंग वाहन से तिरपाल काटकर 18 लाख के मोबाइल चोरी की घटना चितरंजन शर्मा, कुरियर सर्विस मालवा मिल के साथ हुई। शर्मा ने बताया 11 मार्च को उन्होंने श्री भवानी कार्गों के माध्यम से ड्राइवर पंकज गोस्वामी के जरिए वीवो कंपनी के मोबाइल का एक कंसाइनमेंट लोडिंग वाहन (एमपी 09 डीएफ 3048) से ओरिडन एक्सप्रेस स्कीम 114 सुल्तानपुर, भोपाल के लिए रवाना किया था।
ड्राइवर पंकज रात 10.20 बजे मालवा मिल चौराहे से राजकुमार ओवर ब्रिज की ओर जा रहा था, तभी बदमाशों ने चलते वाहन की तिरपाल काटकर मोबाइल चुरा लिए। लोडिंग के पीछे चल रहे एक राहगीर ने ड्राइवर को चोरी होने की जानकारी दी। बाद में लोडिंग वाहन चालक व मालिक ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खुद सर्चिंग कर निकाले।
9 दिन तक शिकायत के लिए चक्कर लगाए
चितरंजन ने बताया कि घटना के बाद उनका ड्राइवर पंकज तत्काल मालवा मिल पुलिस चौकी पहुंचा और यहां मौजूद पुलिसकर्मियों को घटना बताई तो किसी ने गंभीरता नहीं दिखाई। 9 दिन तक तुकोगंज थाने के चक्कर लगाते रहे, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
पीड़ित ने बताया कि वे परेशान होकर एडिशनल डीसीपी रामस्नेही मिश्रा के पास पहुंचे। उन्होंने भी दो दिन पहले थाने भेजा। उन्होंने तुकोगंज टीआई जितेंद्र यादव को फोन कर निर्देश दिए तो एफआईआर दर्ज की गई।
इधर, तुकोगंज टीआई यादव का कहना है कि थाने के स्टाफ के लोगों की जांच कर रहे हैं कि इतने दिन टालमटोल क्यों की गई।

Exit mobile version