समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश, किसानों की उपस्थिति में होगा सर्वेक्षण
जनकल्याणकारी योजनाओं, पेयजल प्रबंधन और जल संरक्षण अभियानों की प्रगति की समीक्षा
जल संसाधन विभाग एवं बुरहानपुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने कहा है कि प्रदेश सरकार अन्नदाताओं के सम्मान और हितों की रक्षा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों की फसलों के नुकसान का सर्वेक्षण पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही के साथ किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सर्वेक्षण दल खेतों में पहुंचकर किसानों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में वास्तविक क्षति का आंकलन करें। सर्वे कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लेख है कि प्रवास के दौरान प्रभारी मंत्री श्री सिलावट से मुलाकात कर सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटिल ने, जिले में प्राकृतिक आपदा से हुई फसल क्षति की जानकारी देकर अवगत कराया।
प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने जिले के एक दिवसीय प्रवास के दौरान संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की गतिविधियों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
पेयजल एवं विद्युत व्यवस्थाओं पर विशेष जोर
बैठक में विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने अधिकारियों को आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने नगरीय निकायों एवं संबंधित विभागों को ग्रीष्मकालीन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पेयजल प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के साथ-साथ पशुओं के लिए भी पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने तथा तकनीकी समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हर पात्र हितग्राही तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक समयबद्ध और प्रभावी रूप से पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
‘‘जल गंगा संवर्धन अभियान’’ बने जन आंदोलन
प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने जल संरक्षण के महत्व पर बल देते हुए कहा कि ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ को जनभागीदारी से जन आंदोलन का स्वरूप दिया जाए। उन्होंने शैक्षणिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों को अभियान से जोड़कर व्यापक जन-जागरूकता लाने की बात कही।
‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान में बढ़े जन-सहभागिता
बैठक में ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान के अंतर्गत व्यापक पौधारोपण पर भी जोर दिया गया। प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने निर्देश दिए कि शासकीय कार्यालयों, विद्यालयों एवं अन्य संस्थानों की बाउंड्री के आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि नवाचारों और जनसहयोग के माध्यम से अभियान को जन-जन तक पहुंचाया जाए तथा पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से सशक्त बनाया जाए।
विद्यालय खुलने से पहले पूरी हों सभी तैयारियां
आगामी शैक्षणिक सत्र को ध्यान में रखते हुए प्रभारी मंत्री ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि विद्यालयों में आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि स्कूल खुलने से पूर्व बैठकें आयोजित कर आधारभूत सुविधाओं, स्वच्छता, पेयजल, फर्नीचर एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा कर उन्हें सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर और सुगम शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके।
बैठक में बुरहानपुर विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस, नेपानगर विधायक सुश्री मंजू दादू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गंगाराम मार्को, जिला अध्यक्ष श्री मनोज माने, पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा कास्डेकर, सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर श्री हर्ष सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी, वनमण्डलाधिकारी श्री विद्याभूषण सिंह सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
