पलासिया चौराहे पर दो कारों की भीषण टक्कर:एक युवक घायल, कार से मिला नशे का सामान; पुलिस ने जब्त की कार

By Abhishek Raghuvanshi
1 Min Read

इंदौर के पलासिया चौराहा पर बुधवार देर रात दो कारों में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार दो लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त कारों को जब्त कर लिया है। शुरुआती जांच में एक कार से नशे में इस्तेमाल होने वाला सामान भी मिला है।
एसीपी खजराना कुंदन मंडलोई ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब व्हाइट चर्च चौराहे की ओर से आ रही एक कार को रीगल की तरफ जा रही दूसरी कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि एक कार सड़क पर घूम गई।
सूचना मिलते ही बीट पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे में महेश्वर निवासी विनायक और उसका साथी घायल हुए हैं। विनायक को उपचार के लिए निजी अस्पताल भेजा गया है।
कार से मिला नशीला पदार्थ
पुलिस के मुताबिक एक कार की तलाशी के दौरान गोगो पेपर सहित नशे में उपयोग होने वाला अन्य सामान मिला है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि टक्कर मारने वाली कार में सवार युवक नशे की हालत में थे। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Exit mobile version