इंदौर में ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, पूर्व मंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा और कांग्रेस प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे प्रखर सहित तीन की मौत, बर्थडे की पार्टी मना कर महू से लौट रहे थे.

By Abhishek Raghuvanshi
1 Min Read

इंदौर। इंदौर में शुक्रवार सुबह-सुबह एक तेज रफ्तार कार ट्रक में घुस गई। इसमें मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा तथा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे प्रखर सहित तीन की मौत हो गई है। कार में सवार एक अन्य युवती गंभीर रूप से घायल है। सभी बर्थडे मनाकर लौट रहे थे।

पुलिस के अनुसार हादसा रालामंडल इलाके में शुक्रवार सुबह करीब 5:15 बजे हुआ। ग्रे कलर की नेक्सन कार क्रमांक एमपी 13 जेडएस 8994 में प्रेरणा बच्चन, प्रखर कासलीवाल, मनसिन्धु और अनुष्का राठी सवार थे। चारों प्रखर का जन्मदिन महू के कोको फार्म में मनकर लौट रहे थे।  कार प्रखर चला रहा था। हादसे में प्रेरणा, प्रखर, मनसिन्धु की मौके पर ही मौत हो गई। अनुष्का घायल है। पुलिस ने बताया कि कार में शराब की बोतल भी मिली हैं।

यूपीएससी की तैयारी कर रही थी प्रेरणा

पुलिस ने बताया कि सभी इंदौर के रहने वाले हैं। प्रेरणा नर्मदा भवन के पास स्कीम नं 74, प्रखर कासलीवाल तिलक नगर, मनसिन्धु भंवरकुआं और अनुष्का रॉयल अमर ग्रीन की रहने वाली है। प्रेरणा ग्रेजुएशन के बाद यूपीएससी की तैयारी कर रही थी।

- Advertisement -

हादसे के बाद से ट्रक चालक फरार

रालामंडल थाना प्रभारी देवेंद्र मरकाम के अनुसार कार सवार युवक-युवतियां संभवतः पार्टी मनाकर लौट रहे थे। फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।

Exit mobile version