इंदौर क्राइम ब्रांच ने एमडी ड्रग के तीन आरोपी पकड़े: राजस्थान और उज्जैन के दो मामले में थे फरार

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर क्राइम ब्रांच ने एमडी ड्रग से जुड़े मामलों में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी पूर्व में दर्ज मामले में फरार चल रहा था, जबकि अन्य दो आरोपियों को अलग मामले में संयोगितागंज क्षेत्र से पकड़ा गया है।
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि क्राइम ब्रांच ने बीते दिनों 60 ग्राम एमडी ड्रग जब्त की थी। इस मामले में कुलदीप मेघवाल को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान कुलदीप ने जमान खान निवासी झालावाड़ का नाम उजागर किया था।
इसके बाद बुधवार को क्राइम ब्रांच ने दबिश देकर जमान खान को इंदौर सीमा से गिरफ्तार किया। आरोपी पांचवीं कक्षा तक पढ़ा है और रिपेयरिंग का काम करता है।
अन्य आरोपियों से 13 ग्राम एमडी बरामद
वहीं दूसरी कार्रवाई में क्राइम ब्रांच ने शिवाजी नगर शौचालय के पास एमडी ड्रग बेचते हुए मित सिसौदिया निवासी संयोगितागंज, इंदौर और शोभित उर्फ पुष्पेन्द्र ठाकुर निवासी उज्जैन को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 13 ग्राम एमडी ड्रग, दो मोबाइल फोन सहित अन्य सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी पेशे से ड्रग पेडलर हैं और चलते-फिरते लोगों को नशा उपलब्ध कराते थे। जल्दी पैसा कमाने के लालच में आरोपी इस अवैध गतिविधि में शामिल हुए थे।

Exit mobile version