अवैध शराब परिवहन पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 5.72 लाख की शराब एवं वाहन जब्त

By Abhishek Raghuvanshi
1 Min Read

आबकारी विभाग इंदौर के देपालपुर वृत्त द्वारा अवैध मदिरा के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक चार पहिया वाहन से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की गई। कार्रवाई उप निरीक्षक भगवानदास अहरवार एवं उनकी टीम द्वारा शहरी क्षेत्र में गश्त के दौरान की गई। जानकारी के अनुसार टीम ने संदेह के आधार पर वाहन क्रमांक MP09ZF7973 मारुति ईको वैन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन में 15 बीयर पेटियों में रखी 360 केन “बडवार्डजर मेग्नम इंटरनेशनल किंग ऑफ बीयर” बरामद हुई। उक्त शराब पर “फॉर सेल इन हरियाणा” अंकित था, जिससे स्पष्ट हुआ कि इसे अवैध रूप से परिवहन कर इंदौर लाया जा रहा था। आबकारी विभाग ने मौके से वाहन चालक सूरज पिता चिमन बुन्देला, निवासी रंगवासा राऊ हाल मुकाम बाणगंगा, जिला इंदौर को गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जब्त शराब एवं वाहन की कुल अनुमानित बाजार कीमत 5 लाख 72 हजार रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई में मुख्य आबकारी आरक्षक बद्रीसिंह जमरा, सावन सिसोदिया, रवि बघेल, योगेश कुमार मोहविया, राशी सलोट तथा वाहन चालक मोनू का सराहनीय योगदान रहा।

Exit mobile version