Indore Weather News: इंदौर में कड़ाके की ठंड से राहत, पारा उछला, कोहरा छाया

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

Indore Weather News: इंदौर में लोगों को अगले 5 दिनों तक कड़ाके की ठंड और शीतलहर से राहत मिलेगी, हालांकि घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम रहेगी। 

इंदौर में पड़ रही कड़ाके की ठंड।

इंदौर समेत मध्य प्रदेश के निवासियों के लिए मौसम को लेकर राहत भरी खबर है। अगले 5 दिनों तक प्रदेश में शीतलहर और कड़ाके की ठंड से लोगों को राहत मिलेगी। हालांकि, ठंड कम होने के बावजूद सुबह के समय घने कोहरे का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग और एक्सपर्ट्स ने कोहरे को देखते हुए लोगों को सुरक्षित ड्राइविंग करने की सलाह दी है। इसके साथ ही स्वास्थ्य और फसलों को लेकर भी आवश्यक एडवाइजरी जारी की गई है।

समय से पहले शुरू हो गया था ठंड का दौर
प्रदेश में इस बार ठंड का दौर सामान्य से पहले ही शुरू हो गया था। आमतौर पर नवंबर के दूसरे पखवाड़े में तेज ठंड शुरू होती है, लेकिन इस बार 6 नवंबर से ही कड़ाके की ठंड पड़ने लगी। इसका मुख्य कारण हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर जैसे पहाड़ी राज्यों में समय से पहले हुई बर्फबारी रही। वहां से आई बर्फीली हवाओं ने मध्य प्रदेश को भी कंपा दिया। भोपाल में लगातार 15 दिनों तक शीतलहर चली, जबकि इंदौर में ठंड ने 25 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

- Advertisement -

इंदौर और भोपाल में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे
भले ही पिछले दो दिनों से तेज ठंड से थोड़ी राहत मिली है, लेकिन भोपाल और इंदौर समेत कई शहरों में रात का तापमान अभी भी 10 डिग्री सेल्सियस से कम बना हुआ है। शुक्रवार और शनिवार की रात भोपाल और इंदौर का न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री दर्ज किया गया। शनिवार को दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी देखी गई और यह 29 डिग्री रहा। रात के तापमान में भी 1 डिग्री का इजाफा हुआ। ठंड से राहत के बावजूद घना कोहरा छाया हुआ है। इंदौर में कई स्थानों पर विजिबिलिटी इतनी कम थी कि 100 मीटर के बाद कुछ भी साफ दिखाई नहीं दे रहा था।

अगले 5 दिन शीतलहर की संभावना नहीं
मौसम विभाग की सीनियर वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने जानकारी दी है कि विंड पैटर्न में बदलाव आया है। इस बदलाव के कारण दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। फिलहाल राहत की बात यह है कि अगले 5 दिनों तक प्रदेश में कहीं भी शीतलहर चलने का कोई अलर्ट नहीं है।

Exit mobile version