21 दिन बाद थाने पहुंचा जीतू देवतवार :30 वॉइस सैम्पल दिए, कॉल रिकॉर्डिंग से मैच करेंगे आवाज, चचेरा भाई गिरफ्तार

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

वकील के साथ पहुंचा, तीन घंटे एसीपी ऑफिस में रहा और चुपचाप निकल गया
पार्षद कमलेश कालरा के घर में घुसकर बेटे को निर्वस्त्र करने के मामले में पार्षद जीतू देवतवार शुक्रवार रात जूनी इंदौर थाने पहुंचा और वॉईस सैम्पल दिए। वह वकील के साथ एसीपी जूनी इंदौर के अग्रसेन चोराहा स्थित कार्यालय पहुंचा। करीब 3 घंटे तक वाइस के अलग-अलग सैम्पल दिए। पुलिस इन सैम्पल के आधार पर पार्षद कालरा द्वारा दिए ऑडियो से मिलान कर आरोपी बनाएगी। शनिवार को जीतू के भाई अवि उर्फ अभिलाष को भी एसआईटी ने गिरफ्तार कर लिया।
एडिशनल डीसीपी आनंद यादव ने बताया कि जीतू यादव को जांच में मदद करने व अपने वॉइस सैम्पल देने के लिए एक नोटिस पूर्व में दिया जा चुका था। दूसरा नोटिस पुलिस उसके घर चस्पा कर आई थी। इसी के बाद वह अपने वकील के साथ शुक्रवार शाम 7 बजे जूनी इंदौर थाने आ गया।
यहां उसके वॉइस सैम्पल लेते हुए उसे एसआईटी ने एसीपी जुनी इंदौर के कार्यालय बुलाया। यहां बंद कमरे में रात 10 बजे तक उसके कई तरह के वॉइस सैम्पल लिए गए। इस दौरान पुलिस ने वॉइस सैम्पल के लिए एक स्क्रिप्ट का विशेष प्रोफार्मा भी तैयार किया था। इसी प्रोफार्मा के आधार पर करीब 30 से ज्यादा बार के वॉइस सैम्पल उसने दिए हैं। मामले में जीतू को एमआईसी से पहले ही हटाया जा चुका है और भाजपा ने भी छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
अब कॉल रिकॉर्डिंग से मैच करेंगे ये आवाज
नोटिस में शुक्रवार तक का ही समय दिया था
एसीपी ने बताया कि पुलिस ने कई बार पत्राचार कर थाने पर उपस्थित होने के लिए कहा था। जब वह नहीं आया तो उसे भगोड़ा घोषित करने की कार्रवाई शुरू की। एक नोटिस सप्ताह भर पहले भेजा गया। दूसरे नोटिस पर उसे शुक्रवार तक उपस्थित होने का समय दिया था। यदि इस नोटिस पर वह नहीं आता तो उसे तीसरा नोटिस देकर इन्वेस्टिगेशन में पुलिस को मदद न करने पर भगोड़ा घोषित किया जाता और उसकी संपत्ति की जांच होती।

कुलकर्णी नगर में ही मिला भाई अभिलाष

इधर , घटना का प्रमुख आरोपी जीतू का चचेरे भाई आरोपी अवि उर्फ अभिलाष (30) पिता रामनारावण देवतवार निवासी रूस्तम का बगीचा को भी एसआईटी ने कुलकर्णी का भट्टा इलाके से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कबूला है कि पार्षद कालरा के द्वारा भाई जीतू के लिए कही गई बातों का बुरा लगने के बाद वह गुंडों की फौज लेकर उसे धमकाने पहुंचा था। पुलिस का दावा है कि अब जो 20 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं, वे भी अवि उर्फ अभिलाष के कहने पर कालरा के घर में घुसकर मारपीट करने की बात कह रहे हैं।

Exit mobile version