18 वर्षीय युवक ने घर में फांसी लगाई:माता-पिता लौटे तो फंदे पर लटका मिला; पुलिस ने मोबाइल जब्त किया

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के राजबाड़ा इलाके में रहने वाले एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि रविवार को वह घर पर अकेला था। देर रात जब माता-पिता घर लौटे तो बेटे को फंदे पर लटका देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सराफा पुलिस के अनुसार, नंदू (18) पुत्र रमेश मुकाती, निवासी शीश महल, राजबाड़ा ने अपने घर के कमरे में फांसी लगा ली। रविवार को वह घर पर अकेला था। जब उसके पिता लौटे और दरवाजा नहीं खुला, तो उन्होंने पड़ोसी की बालकनी से अंदर जाकर देखा, जहां नंदू फंदे पर लटका मिला।
परिवार के अनुसार, नंदू के माता-पिता रविवार को अपने रिश्तेदारों से मिलने ग्राम निनगोटी, कनाड़िया गए थे और दिनभर वहीं रहे। नंदू ने घर पर ही रहने की बात कही थी। दोपहर में आसपास के लोगों ने उसे देखा था, लेकिन इसके बाद वह बाहर नहीं आया।
नंदू के पिता फर्नीचर का काम करते हैं, जबकि उनका बड़ा बेटा गांव में रहता है। नंदू ने पढ़ाई छोड़ दी थी। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन उसका मोबाइल जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने शव को एमवाय अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

Exit mobile version