इंदौर के एक परिवार की बेटी सोनम शिलांग में 15 दिन से लापता है, जबकि उसके पति राजा का शव बरामद हुआ है। परिवार ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है, लेकिन उन्हें कोई सहयोग नहीं मिल रहा है। परिवार ने प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृहमंत्री से सीबीआई जांच की मांग की है।
इंदौर। बूढ़ी आंखों से बहने वाले आंसू अब सूख चुके हैं और गहरा मौन रघुवंशी परिवार की पीड़ा को बयां कर रहा है। देवीसिंह रघुवंशी, जो दिल के मरीज हैं, अपनी बेटी सोनम के लिए दिनभर घर के बाहर बैठे रहते हैं। उन्होंने अपनी बेटी को नाजों से पाला और हाल ही में उसकी शादी ट्रांसपोर्टर अशोक रघुवंशी के छोटे बेटे राजा से की थी। शादी के बाद सोनम और राजा 20 मई को घूमने निकले थे, लेकिन 23 मई को आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। इसके बाद से कोई खबर नहीं आई। राजा का शव पिछले सोमवार को डबल डेकर क्षेत्र में मिला, लेकिन सोनम का कोई सुराग नहीं है। देवीसिंह बेहोश हो जाते हैं और अब उनके आंसू भी सूख चुके हैं। शिलांग पुलिस से उन्हें कोई उम्मीद नहीं है, इसलिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से गुहार लगाई है। परिवार ने ज्योतिषियों से भी सलाह ली, जिसमें एक ज्योतिषी ने सोनम के मिल जाने की उम्मीद बताई है।
सोनम का भाई गोविंद शिलांग में रहकर कर रहा उसकी तलाश
राजा और सोनम का रिश्ता मैट्रिमोनियल साइट के माध्यम से तय हुआ था। पांच जून का मुहूर्त देखकर दोनों ने घूमने का प्लान बनाया था लेकिन पहले ही चले गए। देवीसिंह का आरोप है कि सोनम के सोने के आभूषणों के कारण लुटेरों ने उन्हें निशाना बनाया। सोनम का भाई गोविंद शिलांग में रहकर उसकी तलाश कर रहा है, लेकिन उसे भी धमकियां मिल रही हैं।
बांग्लादेश में बेचे जाने की आशंका
रघुवंशी परिवार का मानना है कि सोनम को बांग्लादेश में बेचे जाने की आशंका है। उन्होंने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर सीबीआई जांच की मांग की है। परिवार का कहना है कि इस क्षेत्र में पहले भी दंपती गायब हुए हैं। पुलिस इस मामले को दबा रही है। शिलांग एसपी ने एसआईटी गठित की है, लेकिन परिवार को कोई सहयोग नहीं मिल रहा है। पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं और रघुवंशी परिवार की करुण पुकार सुनने वाला कोई नहीं है।
पीएसटीएन डेटा की जांच क्यों नहीं कर रही एसआईटी
राजा के भाई विपिन और सचिन ने कहा कि एसआईटी भी जांच में लापरवाही कर रही है। राजा की जिस जगह आखिरी लोकेशन मिली, उस जगह से एसआईटी ने पीएसटीएन (पब्लिक स्विच्ड टेलीफोन नेटवर्क) डेटा एकत्र क्यों नहीं किया। गोविंद की जान को खतरा है। शुक्रवार को शिलांग डीआइजी से संपर्क कर सुरक्षा की गुहार लगाई है लेकिन डीआईजी ने गंभीरता नहीं दिखाई। उन्होंने मोबाइल नंबर उपलब्ध करवाए और कहा कि शक होने पर सूचना दें।
मेघालय के मुख्यमंत्री कानराड संगमा से भेंटकर जांच में तेजी का किया अनुरोध
भोपाल राज्य ब्यूरो के अनुसार विधानसभा की आश्वासन समिति ने असम और मेघालय का दौरा किया। वहां की विधानसभा की संसदीय प्रक्रियाओं एवं आश्वासनों के निराकरण की प्रक्रिया का अध्ययन किया। वहीं, मेघालय के मुख्यमंत्री कानराड संगमा से भेंटकर इंदौर के दंपती के साथ हुए हादसे की जांच तेजी के साथ कराने का अनुरोध भी किया।
क्या सोनम की थी वो रेनकोट?
राजा रघुवंशी के शव से कुछ दूरी पर एक रेनकोट भी मिली थी। ऐसी ही एक रेनकोट सोनम भी होटल के सीसीटीवी फुटेज में पहनी दिखी। ऐसे में पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या उन्हें मिली रेनकोट सोनम की थी।
