●पुलिस लाइन नगरीय इंदौर में किया गया यातायात पुलिसकर्मियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

● विषम परिस्थितियो में धैर्य, परिपक्वता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें- पुलिस कमिश्नर, नगरीय इन्दौर

● यातायात व्यवस्था के दौरान बेरिकेड्स, बॉडी वार्न और उपकरणों का सही उपयोग करने के लिए प्रैक्टिकल कराकर दी जानकारी

इंदौर – शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस लाइन नगरीय इंदौर में आज दिनांक 23.11.25 को यातायात के पुलिस अधिकारियों/कर्मचारीयों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन पुलिस आयुक्त, नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह की विशेष उपस्थिति में किया गया।

उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान पुलिस उपायुक्त (यातायात/जोन 4) श्री आनंद कलादगी, यातायात पुलिस के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्तगण, सहायक पुलिस आयुक्तगण सहित 200 अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

- Advertisement -

इस दौरान पुलिस कमिश्नर इंदौर द्वारा ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि “जनसेवा केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि एक चरित्र है जिसे हम अपने भीतर विकसित करते हैं।” यदि हम दिल से सेवा करेंगे, तो न केवल कार्य का आनंद आएगा, बल्कि समाज से सम्मान भी प्राप्त होगा धीरे-धीरे लोग भी हमारे साथ जुड़ेंगे और सहयोग करेंगे जब हम इन्फोर्समेंट का कार्य करते है तो हमारा धैर्य, हमारी परिपक्वता और हमारा व्यवहार बहुत महत्वपूर्ण हो जाता है विषम परिस्थितियो में हमें संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा “ ट्रैफिक की ड्यूटी चुनौतीपूर्ण अवश्य है, पर जब हम इसे मन से स्वीकार करेंगे और स्वयं को इसके लिए मजबूत बनाएंगे, तभी कार्य का आनंद व संतुष्टि दोनों प्राप्त होंगे।”

  साथ ही बताया कि जो कर्मचारी यातायात प्रबंधन में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं उन्हें प्रति मंगलवार पुरुस्कृत भी किया जा रहा है, इसी प्रकार आप भी बेहतर कार्य करें, यातायात व्यवस्था को सुधारने में आपके द्वारा किए गए कार्यों की मॉनिटरिंग भी की जाएगी और उत्कृष्ट कार्य करने वालों को आगे भी पुरुस्कृत किया जाता रहेगा।

साथ ही पुलिस उपायुक्त यातायात प्रबंधन श्री आनंद कलादगी द्वारा यातायात पुलिस द्वारा शहर के यातायात को सुगम, सुरक्षित करने के लिए लगातार किए जा रहे प्रयासों के बारे में अवगत कराया गया। इस दौरान बेहतर यातायात प्रबंधन के लिए यातायात के कर्मचारियों द्वारा भी सुझाव दिए गए जिन्हें पुलिस कमिश्नर द्वारा सुना गया और अच्छे सुझावों कि सराहना भी की गई। यातायात प्रबंधन और चेकिंग के दौरान किस तरह से बेरिकेड्स, स्टॉपर रखे जाए, बॉडी वार्न का उपयोग, फ़ोटो/वीडियोग्राफी, चेकिंग के दौरान हमारा व्यवहार कैसा हो इस विषय पर भी प्रैक्टिकल के माध्यम से जानकारी दी गई।

Exit mobile version