स्विमिंग पूल में 3 फीट पानी, गोता लगाते ही सिर फूटा, मौत

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

शहर में दो जगह पर पिकनिक मनाने गए दो युवकों की डूबने से मौत का मामला दर्ज हुआ है। एक घटना में फार्म हाउस के स्विमिंग पूल में गोता लगा रहे ठेकेदार के सिर में चोट लगी तो फिर वह उठ नहीं सका। दूसरी घटना में शनिवार को मोहाड़ी फॉल में युवक डूब गया, जिसका शव सोमवार को मिला।
अन्नपूर्णा पुलिस के अनुसार रविवार को बेटमा इलाके के मोना ग्राम में परिवार पिकनिक मनाने गया था। वहां हादसे में ठेकेदार तेहनून (30) पिता नवाब खान निवासी टाट पट्टी बाखल की स्विमिंग पूल में मौत हो गई। परिजन ने बताया, पूल में ढाई से तीन फीट पानी था। वहां तेहनून के अलावा परिवार के अन्य लोग भी नहा रहे थे। कुछ देर बाद ध्यान गया तो तेहनून पानी में बगैर किसी हलचल के नजर आया। उसे निकालकर सीपीआर दिया, फिर अन्नपूर्णा क्षेत्र के एक अस्पताल ले जाया गया, वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। तेहनून को तैरना आता था। शुरुआत में परिजन और अस्पताल वालों ने कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई।
सिर पर मिली सूजन, आशंका उसी से हुआ अचेत
पोस्टमॉर्टम में पता चला कि तेहनून का दिल स्वस्थ था। सिर पर एक चोट है, जिससे सूजन आ गई है। अनुमान है कि कम गहराई में गोता लगाने के दौरान उसके सिर में चोट लगी और वह अचेत हो गया। शरीर भारी होने से उठ नहीं पाया और मुंह, नाक से पानी शरीर में घुस गया। तेहनून की प|ी और दो बेटे हैं।
*मोहाड़ी फॉल में युवक डूबा, तीसरे दिन शव मिला
उधर, खुड़ैल के मुहाड़ी फॉल में शनिवार को पिकनिक मनाने गए इंदौर के युवक की मौत हो गई। रविवार दिनभर उसकी खोज में रेस्क्यू चलता रहा, लेकिन अगले दिन उसका शव फूलकर बाहर आया तो पीएम के लिए इंदौर भेजा गया।
डीसीपी उमाकांत चौधरी के अनुसार मृतक का नाम पवन (20) पिता शेर बहादुर निवासी खातीपुरा है। वह पांच दोस्तों के साथ तिंछा फॉल गया था। वहां पानी ज्यादा नहीं होने से दोस्तों ने तय किया कि मुहाड़ी फॉल जाएंगे। दोस्तों ने बताया, पवन अकेला गहरे पानी में उतरा था। दोस्तों ने ग्रामीणों को सूचना की। एसडीआरएफ की टीम के साथ रेस्क्यू किया, लेकिन शव सोमवार को बरामद हुआ।
दोस्तों से पूछताछ हो
पवन के बड़े बाई अजय ने बताया, वह सेल्स मार्केटिंग का काम करता था। हमें पता नहीं था कि पिकनिक गया है। उसके सभी दोस्त कह रहे हैं कि पिकनिक मनाने का प्लान पवन का था। वे खुद पर आरोप नहीं ले रहे हैं, इसलिए उनसे पूछताछ होना चाहिए।

Exit mobile version