एमवाय अस्पताल में एक बार फिर एंबुलेंस का कहर सामने आया है। गुरुवार रात नशे में धुत एंबुलेंस चालक ने कैम्पस में तेज स्पीड से गाड़ी दौड़ा दी। पहले उसने पास खड़ी एक महिला को चपेट में लिया और उसके पैर में टक्कर मारी। महिला सिर के बल गिरी। इसके बाद एक कार फिर दो रिक्शा को टक्कर मारी। इसके बाद ड्राइवर भाग निकला। हादसे में सुनीता (43) पति जागेश्वर निवासी सुखलिया जख्मी हुई है। पुलिस ने गुरुवार देर रात आरोपी ड्राइवर अमित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
फरियादी जागेश्वर ने बताया, घटना एमवायएच कैम्पस में गुरुवार रात 10.30 बजे की है। खंडवा से हमारे एक परिचित को इलाज के लिए एमवायएच लाए थे। मैं और पत्नी उनसे मिलकर नीचे कार के पास आए। वहां हमारे रिश्तेदार भी आकर बात करने लगे। मेरी पत्नी कार में बैठने ही वाली थी कि एक एंबुलेंस तेज रफ्तार में आई और सुनीता को टक्कर मारते हुए निकल गई। पत्नी के पैर में तो चोट लगी ही, गिरने से उसके सिर में भी चोट लगी।
रिक्शा का चिमटा तोड़ दिया
रिक्शा ड्राइवर नंदू ने बताया, एंबुलेंस वाले ने रिक्शा को ऐसी टक्कर मारी कि उसका चिमटा ही टूट गया। वह अब चलने की स्थिति में नहीं है। दूसरे रिक्शा में भी काफी नुकसान हुआ है। घटना के वक्त यदि वहां ज्यादा लोग मौजूद होते तो किसी की जान भी जा सकती थी।
एमवाय में हमेशा एंबुलेंस चालकों का आतंक
22 जनवरी 2022 : यहां एंबुलेंस चलाने की बात पर इमरान और सद्दाम गैंग में विवाद हुआ था। गाड़ियों के कांच फोड़े गए थे। इसके बाद इमरान अपने साथ सलमान लाला और उसके गुर्गों को लेकर एमवाय पहुंचा और सद्दाम पर गोलियां चलाईं, जिसमें उसके हाथ पर गोली लगी थी।
28 जनवरी 2023 को एंबुलेंस चालक विजय ने शव लेकर जा रहे दूसरे चालक देवेंद्र की गाड़ी को रुकवा दिया। विजय ने शव ले जाने पर 500 रुपए कमीशन मांगा। देवेंद्र ने नहीं दिया तो विजय ने एमवाय पुलिस चौकी पर पदस्थ सिपाही प्रताप को बुलाकर एबुलेंस से शव उतरवा दिया था।
कोरोना काल में एंबुलेंस गैंग ने एमवाय में आतंक मचाया था। तब गैंग ने एक-दो किमी तक शव ले जाने के 3-3 हजार रुपए वसूले थे। इस पर तात्कालीन कलेक्टर मनीष सिंह ने लाला गैंग के भाइयों पर रासुका लगाई थी।
