साजिश:मृतक के मोबाइल से मैसेज किया- मैं सांवरिया सेठ जा रहा हूं

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

खुड़ैल के सेमल्या चाऊ में दृश्यम फिल्म की तर्ज पर एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। आरोपी ने प्रेमिका के भाई की गोली मारकर हत्या की, फिर शव गाड़ दिया। गुमराह करने के लिए उसके मोबाइल से परिजन को मैसेज कर सांवरिया सेठ जाने की बात कही। फिर खुद मोबाइल लेकर सांवरिया सेठ भी गया, ताकि मोबाइल की लोकेशन वहीं की निकले।
बारिश हुई तो उसे लगा शव ऊपर आ जाएगा तो दो लोगों को 40 हजार रुपए देकर फिर से शव को गहरे गड्ढे में दफनाया। शव डिकंपोज करने के लिए नमक डाल दिया। 15 दिन बाद खुलासा होने पर पुलिस ने शव निकाला और आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने हत्या के 15 दिन बाद 16 मई को शव बरामद किया है।
पुलिस ने मुख्य आरोपी रोहित परमार को गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथियों की तलाश जारी है। 3 मई को मृतक विशाल (21) की बहन साधना ने गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। बताया था कि मेरा भाई 1 मई की शाम 7.30 बजे शादी में जाने का बोलकर गया था, लेकिन अभी तक वापस नहीं आया।
आरोपी बोला- ब्लैकमेल कर रहा था, 80 हजार दे चुका हूं
ग्रामीण डीएसपी उमाकांत चौधरी के अनुसार रोहित ने बताया कि विशाल की बहन से प्रेम संबंध है। इस बात का पता विशाल को चल गया था। तब से वह मुझे जान से मारने की धमकी दे रहा था। विशाल मुझे ब्लैकमेल करने लगा। मैं उसे अब तक 80 हजार रुपए भी दे चुका था। मैंने 1 मई की रात 9 बजे विशाल को छोटी खुड़ैल के तालाब के पास मिलने बुलाया।
यहां मैंने दोस्त वीरेंद्र दायमा के साथ मिलकर विशाल को गोली मार दी। इस दौरान गलती से एक गोली वीरेंद्र के पैर में भी लग गई। वीरेंद्र और मैंने विशाल का शव वहीं पर गाड़ दिया। दो दिन बाद बारिश हुई तो मुझे लगा शव ऊपर आ सकता है। इसलिए मैंने बबलू खाड़वा और सोनू को बुलाकर शव ठिकाने लगाने 40 हजार रुपए दिए। शव के ऊपर से ढेर सारा नमक डाला, ताकि शव जल्दी सड़ जाए।

Exit mobile version