शादीशुदा युवती को धमकाकर रेप

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के तेजाजी नगर पुलिस ने 19 वर्षीय युवती की शिकायत पर आकाश परमार (निवासी मेरोद) के खिलाफ रेप का केस दर्ज किया है। आरोपी, जो टाइल्स कारीगर है, शादीशुदा युवती को धमकाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर कर रहा था।
पीड़िता के अनुसार, 2024 में उसकी पहचान आकाश से हुई, जब वह इलाके में काम करने आया था। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं, लेकिन आकाश ने शादी करने से इनकार कर दिया। बाद में अप्रैल 2024 में परिवार ने युवती की शादी बाणगंगा क्षेत्र में करा दी।
शादी के बाद धमकाने लगा आरोपी
शादी के कुछ समय बाद जब मई 2024 में पीड़िता अपने मायके आई, तो आकाश ने उसे धमकाकर रात में अपने कमरे पर बुलाया और जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वह बार-बार ब्लैकमेल कर संबंध बनाने के लिए मजबूर करने लगा।
पीड़िता ने बताया कि 15 फरवरी को आकाश ने फिर धमकी देकर उसे अपने कमरे पर बुलाया और जबरदस्ती की। घटना के बाद युवती तनाव में आ गई। जब परिवार के लोगों ने उससे पूछताछ की, तो उसने पूरी घटना के बारे में बताया। इसके बाद परिजनों के साथ जाकर उसने तेजाजी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
तेजाजी नगर पुलिस ने आरोपी आकाश परमार के खिलाफ रेप और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुटी है।

Exit mobile version