एमपी टूरिज्म विभाग ने तय 47 करोड़ के काम में 37 करोड़ के टेंडर जारी किए
इंदौर। लंबे समय से अतिक्रमण के शिकार लालबाग की ढाई किलोमीटर की बाउंड्रीवॉल बनाने और धरोहर को सजाने-संवारने लिए एमपी टूरिज्म विभाग ने टेंडर जारी कर दिए हैं। भोपाल की एजेंसी न केवल लालबाग को सुरक्षित करेगी, बल्कि इसे सजाने-संवारने के साथ अधिक सुविधायुक्त बनाएगी। 37 करोड़ के टेंडर के माध्यम से पूरे परिसर को राजवंश की तर्ज पर ही तैयार किया जाएगा। 20 मई को होने वाली कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री भूमिपूजन कर विकास का श्रीगणेश करेंगे।
देश की ऐतिहासिक धरोहरों को विकसित करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे विशेष प्रयासों के तहत लालबाग का संरक्षण और जीर्णोद्धार किया जा रहा है। एमपी टूरिज्म विभाग के माध्यम से लालबाग को प्रमुख टूरिस्ट स्पॉट के रूप में विकसित किया जा रहा है । आंतरिक जीर्णोद्धार और संरक्षण के बाद अब महल के बाहर की खूबसूरती और सुविधाओं को लेकर टेंडर जारी किए गए हैं। मध्यप्रदेश टूरिज्म विभाग द्वारा सजाने-संवारने और अधिक सुविधायुक्त बनाने की तैयारी की गई है। विभाग ने हाल ही में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। भोपाल की एमके इंजीनियर्स को इसकी जिम्मेदारी मिली है। टूरिज्म विभाग के इंजीनियर धर्मेंद्र परिहार ने जानकारी देते हुए बताया 48 करोड़ की लागत से विकास कार्य होंगे। यहां ओपन एयर थिएटर, देवी अहिल्याबाई सेंटर फॉर सेल्फ डिफेंस, साइकिलिंग व वॉक के लिए ट्रैक भी बनाए जाएंगे। इसके अलावा लाइट एंड साउंड शो भी होगा, जिसके लिए टिकट खिडक़ी बनाई जाएगी। सभी कार्यों के लिए टेंडर जारी किए जा चुके हैं। पूरे लालबाग परिसर को तीन जोन में बांटकर वहां अलग-अलग प्रकार की गतिविधियों को जुटाया जाएगा।
