इंदौर की शूटिंग एकेडमी के संचालक मोहसिन खान पर रेप और छेड़छाड़ के आरोप लगे हैं। पुलिस ने मोहसिन के खिलाफ दो और मामले दर्ज किए हैं। एकेडमी को सील कर दिया गया है और मोहसिन को जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मोहसिन का भांजा दानिश भी आया जांच के दायरे में।
शूटिंग एकेडमी का लाइसेंस भी कैंसल कर दिया गया है।
पंजाब की महिला ने भी लगाया धोखाधड़ी का आरोप।
शूटिंग एकेडमी में दैहिक शोषण के आरोपित मोहसिन खान की पुलिस ने दुष्कर्म और छेड़छाड़ के दो अन्य प्रकरणों में गिरफ्तारी कर ली है। शनिवार को उसकी वीडियो कान्फ्रेंस (वीसी) के माध्यम से कोर्ट में पेशी करवाई गई। मोहसिन छेड़छाड़ के मामले में पांच दिन से जेल में बंद है।
मोहसिन को रिमांड पर लेगी पुलिस
वह इस मामले में जेल में बंद है। उस पर दुष्कर्म और छेड़छाड़ के दो अन्य प्रकरणों में फार्मल गिरफ्तारी ली गई है। पुलिस आगे की जांच के लिए जेल ही मोहसिन को रिमांड पर लेगी। पुलिस ने मोहसिन की एकेडमी की तलाशी लेकर सील कर दी है।
उसके फ्लैट से कपड़े और एकेडमी संबंधित दस्तावेज मिले हैं। अन्नपूर्णा टीआई अजय नायर के मुताबिक एकेडमी का लाइसेंस मोहसिन के नाम मिला है, जिसे निलंबित कर दिया है।
पंजाब की महिला ने की शिकायत
चंडीगढ़ (पंजाब) निवासी एक महिला ने भी अन्नपूर्णा पुलिस से संपर्क कर मोहसिन पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। हाई कोर्ट की वकील इस महिला ने कहा साल 2020 में उसकी बेटी शूटिंग प्रशिक्षण के लिए इंदौर आई थी।
मोहसिन ने कहा कि उसकी बेटी के लिए अच्छी रायफल की आवश्यकता है। मोहसिन ने झांसा देकर चार लाख रुपये ले लिए। महीनों तक उसने रायफल नहीं खरीदी। दबाव बनाने पर सिर्फ दो लाख रुपये लौटाए। उसने बेटी को एसी दिलाने के नाम पर भी 30 हजार रुपये ले लिए।
लव जिहाद की धारा नहीं लगी
दुष्कर्म-छेड़छाड़ पीड़िता द्वारा आरोप लगाने के बाद भी अन्नपूर्णा पुलिस ने आरोपित मोहसिन के विरुद्ध मप्र धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम (लव जिहाद) की धाराएं नहीं लगाई हैं।
भांजा दानिश भी जांच की जद में, युवती के फोटो मिले
दुष्कर्म का केस दर्ज होते ही मोहसिन का परिवार गायब हो गया है। उसका भांजा दानिश भी जांच की जद में है। दोनों के एक युवती के साथ फोटो मिले हैं। हिंदू संगठन ने जिम ट्रेनर फैजान का भी एक फोटो जारी किया है। उसमें आरोपित एक युवती के साथ दिखाई दे रहा है। वह मोहसिन के साथ लड़कियों की अदला-बदली भी करता था।
