मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सिद्धार्थ जैन ने एकलव्य आवासीय विद्यालय मोरोद के छात्रावास का किया निरीक्षण।

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read


विद्यार्थियों को पौष्टिक, गुणवत्तापूर्ण और पर्याप्त मात्रा में भोजन देने के दिए निर्देश।
जिला पंचायत इंदौर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सिद्धार्थ जैन ने एकलव्य आवासीय विद्यालय मोरोद के छात्रावास का निरीक्षण किया गया। श्री जैन द्वारा निरीक्षण के दौरान छात्रावास के समस्त भवनों एवं कक्षों का अवलोकन किया गया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास में रह रहे विद्यार्थियों और शिक्षकों से छात्रावास की विभिन्न व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा की।
छात्रावास के विद्यार्थियों से चर्चा के दौरान उनके द्वारा बताई गई कमियों पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जैन ने छात्रावास के प्रभारी तथा कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिये गये। जिसमें विशेष कर छात्रावास परिसर में साफ सफाई रखने, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था करने तथा साफ बेडशीट, तकिया इत्यादि उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये। निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि जो स्टडी रूम छात्रों के लिए बनाया गया है, वह उनकी संख्या के अनुसार छोटा है, इसे संख्या अनुसार बढ़ा किया जाए व टेबल-कुर्सी पर्याप्त संख्या में उपलब्ध कराई जाए। छात्रावास में अनिवार्यता हिंदी व अंग्रेजी के समाचार पत्र मंगाए जाकर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही उपस्थित छात्रावास प्रभारी को छात्रों की कैरियर संबंधी, स्वास्थ्य संबंधी व मानसिक स्वास्थ्य तथा उनके पर्सनालिटी डेवलपमेंट संबंधी काउंसलिंग आवश्यक रूप से कराए जाने हेतु निर्देशित किया गया। उन्होंने खेलकूद की पर्याप्त सामग्री बुलाकर इनडोर व आउटडोर दोनों प्रकार के खेलों की समुचित व्यवस्था करने हेतु निर्देशित किया।
विद्यार्थियों ने बताया कि शिक्षक का कार्य अच्छा चल रहा है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जैन ने कहा कि अध्यापन कार्य को बेहतर व गुणवत्तापूर्ण किया जाये। भोजन कक्ष के मेस में पर्याप्त साफ-सफाई व मेनू अनुसार गुणवत्तापूर्ण, पौष्टिक और पर्याप्त मात्रा में भोजन देने हेतु निर्देशित किया गया। उपस्थित कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि छात्रावास की उक्त कमियों को एक पखवाड़े में पूर्ण करें। 15 दिवस पश्चात पुन: छात्रावास का निरीक्षण किया जायेगा। मुख्य कार्यपालन अधिकारी के भ्रमण के दौरान संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Exit mobile version