महापौर की सख़्ती: “ब्रिज बन गए, पर सर्विस रोड अब तक क्यों नहीं?” मेट्रो अधिकारियों पर फूटा गुस्सा

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

लवकुश चौराहे से बापट चौराहे तक सड़क की बदहाल स्थिति पर महापौर भार्गव और विधायक मेंदोला ने जताई नाराज़गी, दिए तुरंत सुधार के निर्देश

इंदौर।शहर की सर्विस रोडों की दुर्दशा पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने सोमवार को मेट्रो अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। लवकुश चौराहे से अरविंदो रोड और बापट चौराहे तक निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा “पहले सर्विस रोड ठीक करनी चाहिए थी, लोग कैसे आएंगे-जाएंगे? जब ब्रिज बन गए तब सर्विस रोड क्यों नहीं बनी? बारिश को रुके 20 दिन हो गए, कम से कम एक किलोमीटर सड़क तो बन जानी चाहिए थी।”

महापौर ने सवाल उठाया कि “आपके रहते यह स्थिति कैसे बनी? कौन-सी कंसल्टेंसी है जो सड़क की योजना तक नहीं बना सकी?” उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अब देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जल्द सर्विस रोड ठीक की जाए।

विधायक रमेश मेंदोला ने भी निरीक्षण में शामिल होकर कहा कि “जनता की परेशानी अब और नहीं बढ़नी चाहिए, तुरंत सुधार कार्य शुरू करें।”

- Advertisement -

गौरतलब है कि शहर के अधिकांश हिस्सों में पेंचवर्क का कार्य पूरा हो चुका है और बाकी स्थानों पर कार्य तेज़ी से जारी है। महापौर द्वारा लगातार रात में निरीक्षण किए जा रहे हैं ताकि गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। पहले की नाराज़गी के बाद एमपीआरडीसी ने अपनी सर्विस रोड तैयार कर दी है, जबकि पीडब्ल्यूडी ने रेतीमंडी ब्रिज पर मरम्मत कार्य शुरू किया है।

Exit mobile version