मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने किया विकास कार्यों का शुभारंभ
स्वच्छ शहर के साथ अब इंदौर शहर की पहचान सोलर शहर से भी होना चाहिए – मंत्री कैलाश विजयवर्गीय
इंदौर शहर की एक विशेष पहचान है और इसका अनुसरण पूरा देश करता है – मंत्री कैलाश विजयवर्गीय
इंदौर – 19 नवंबर बुधवार को विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 1 में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने 17 करोड़ 80 लाख की लागत से 4.99 किलोमीटर सिवर लाइन कार्य का शुभारंभ किया गया एवं क्षेत्र में स्थित महाराणा प्रताप अस्पताल को एंबुलेंस प्रदान की। इस अवसर पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि इंदौर शहर को क्लीन सिटी बनाने के बाद अब सोलर सिटी बनाना है और इसके लिए जरुरत है कि हर व्यक्ति इसके महत्व को समझे।
इंदौर का अनुसरण पूरा देश करता है
उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि अभी जिन क्षेत्रों में विकास कार्यों का भूमिपूजन हो रहा है वहां अधिकांश अवैध कॉलोनियां है, लेकिन वहां के रहवासियों को भी बेहतर सुविधाएं पाने का हक है। इंदौर शहर की एक विशेष पहचान है और इसका अनुसरण पूरा देश करता है। स्वच्छ शहर के बाद अब स्वच्छ वायु में भी हम नंबर वन बनेंगे। अब हमें शहर को सोलर सिटी बनाने पर विशेष ध्यान देना होगा। यदि आप अपने घरों पर सोलर सिस्टम लगाएंगे तो आपका बिजली का बिल 25 प्रतिशत रह जाएगा। इसका ज्यादा से ज्यादा प्रचार सभी पार्षदों को करना चाहिए। सरकार इसके लिए आर्थिक सहायता दे रही है और आपके घर पर लगाया गया सोलर सिस्टम 25 सालों तक निर्बाध रूप से सर्विस देता है। हमारा लक्ष्य एक साल में एक लाख घरों में सोलर सिस्टम लगाने का होना चाहिए।
महापौर पुष्यमित्र की कि प्रशंसा
मैं जब 1999 में महापौर बना था तो हमने आने वाले 25 सालों की योजना बनाकर काम किया था। आज भी लोग कहते हैं कि कैलाश जी के महापौर बनने पर बहुत अच्छा काम हुआ था। यह काम हम सभी ने मिलकर किया था। अभी महापौर पुष्यमित्र भार्गव के नेतृत्व में अदभुत काम हुआ है। इनके द्वारा वर्तमान में किए गए कार्यों का लाभ लंबे समय तक शहरवासियों को मिलेगा। वर्तमान में इतनी बड़ी पानी की पाइप लाइन डाली जा रही है कि आप उसके अंदर से खड़े होकर निकल जाओ। मेरे महापौर के कार्यकाल में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी तब हमने 16 प्रतिशत की दर से बॉंड जारी किए थे, लेकिन किसी ने नही लिए थे, क्योंकि कांग्रेस सरकार की साख काफी खराब थी और आज महापौर पुष्यमित्र जी 8 प्रतिशत पर बॉंड से काफी पैसा विकास कार्यों के लिए ले रहे हैं यह प्रदेश की भाजपा सरकार पर लोगों का भरोसा है।
कैलाश जी ने 1999 में आधुनिक इंदौर का सपना देखा था – पुष्यमित्र भार्गव
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इस अवसर पर कहा कि कैलाशजी ने 1999 में महापौर रहते हुए शहर के लिए जो सपना देखा था वह वर्तमान का आधुनिक इंदौर है। शहर में 450 एम.एल.डी. सीवरेज को शोधित करने का काम 2029 तक हो जाएगा। 2029 में नर्मदा का चौथा चरण इंदौर में प्रवेश कर जाएगा, जिससे शहर की बढ़ती आबादी के हिसाब से 2045 तक लोगों की प्यास बुझाएगा। 2014 में नगर निगम में 29 गांव जुड़े। इन गांवों में मूलभूत सुविधाओं का पूरी तरह अभाव था, लेकिन इन गांवों को भी अब बेहतर सुविधाएं मिल रही है। मध्य प्रदेश में पहली बार इंदौर शहर में आधुनिक तकनीक से ड्रेनेज लाइन डालने का कार्य किया जा रहा है। 22 छोटे-बड़े पुल और 23 सड़कों का काम चल रहा है। हमारी यह कोशिश है कि भविष्य का इंदौर देश का सबसे पसंदीदा रहने लायक शहर बनें।
क्षेत्र के 74 हजार से ज्यादा रहवासियों को मिलेगी बेहतर सुविधाएं
अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत विधानसभा 1 में 40 करोड़ की लागत से 30 किलोमीटर क्षेत्र में 250 से लेकर 900 एम.एम. व्यास की सीवर लाईन बिछाने का कार्य किया जाएगा। इससे वार्ड 16 के नंदबाग, राखी नगर, जयराम नगर, मातेश्वरी नगर, नंदन नगर, एकता नगर, सुरेंद्र नगर, यादव पैलेस, श्रेयस नगर, रुप नगर, अभाव पैलेस, केदार नगर, वंदना नगर, शांति नगर, श्रीराम नगर, दुर्गा नगर व्यंकटेश विहार, स्कीम नं. 155, महावीर नगर, विकास नगर, गंगा धाम, विशाल पैलेस, वार्ड 17 के संपूर्ण कुशवाह नगर, कुशवाह नगर मुख्य मार्ग से जगदीश नगर तक, न्यू प्रिंस नगर, प्रिंस नगर, सुंदर नगर, ऋषि नगर रोशन बाग, पुष्प नगर अंजनी बाग, जगदीश नगर, जगन्नाथ नगर, राम नगर, न्यू राम नगर, राजा बाग, कमला केशर नगर और दशरथ बाग के 42 हजार रहवासियों को जल-मल निकासी सम्बंधित आवश्यक सुविधाओ का लाभ प्राप्त होगा व कान्ह नदी व विभिन्न नालों के शुद्धिकरण मे सहयोग मिलेगा।
इसी योजना में लक्ष्मीबाई प्रतिमा चौराहा से आर. आर. सिटी, छोटा बांगड़दा रोड तक 13 करोड़ की लागत से 3.5 किलोमीटर क्षेत्र में 300 से 1200 एम.एम. व्यास की सीवर लाईन बिछाने का कार्य किया जाएगा। इससे वार्ड 13, 14 एवं 16 के लक्ष्मीबाई मंडी, स्मृति नगर, गरीब नवाज, वंदना नगर, शुभम पैलेस, संगम नगर, हम्माल कॉलोनी, रुकमिणी नगर, सांवरिया नगर, सुविधि नगर, नागिन नगर, शांति नगर, विद्या पैलेस, आर.आर. सिटी कॉलोनी व आसपास के अन्य क्षेत्रों के 32 हजार रहवासियों को जल-मल निकासी संबंधित आवश्यक सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा।
रहवासियों ने किया भव्य स्वागत
इससे पहले कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का हार-फूल से भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में उपस्थित रहवासियों ने भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, भाजपा नेता अशोक चौहान चांदू नेता, एमआईसी मेंबर निरंजन सिंह चौहान, अश्विनी शुक्ला, अभिषेक शर्मा ( गुड्डू) अक्षय कांति बम, अमरजीत मौर्य, नगर उपाध्यक्ष भूपेंद्र केसरी, सभी 6 मंडलों के अध्यक्ष, विधानसभा 1 के समस्त भाजपा पार्षद एवं वड़ी संख्या में रहवासी उपस्थित थे।
