बदमाश को चेक करने पहुंचे हेड कॉन्स्टेबल, लोगों ने घेरा:भीड़ में भाग निकला आरोपी, 24 आपराधिक मामले हैं दर्ज

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के सदर बाजार इलाके में 24 आपराधिक मामलों में लिप्त एक बदमाश को चेक करने गए हेड कॉन्स्टेबल को करीब 10 से अधिक लोगों ने घेर लिया। चेकिंग के नाम पर आरोप लगाते हुए गुंडों ने उसे मौके से भगा दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। हालांकि अधिकारियों ने इस वीडियो को पुलिस की रूटीन चेकिंग का हिस्सा बताया है। मौके से हेड कॉन्स्टेबल को धक्का देकर भागे बदमाश की तलाश जारी है।
यह घटना 11 दिसंबर की रात सदर बाजार कब्रिस्तान के पास हुई थी। शाकाल नाम का बदमाश देर रात आग ताप रहा था। इसी दौरान सदर बाजार थाने के हेड कॉन्स्टेबल धीरेन्द्र राठौर अपने अन्य पुलिसकर्मियों के साथ वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने शाकाल की चेकिंग की, जिस पर वह बिफर गया और हेड कॉन्स्टेबल को रोकने लगा। साथ ही अन्य साथियों से हेड कॉन्स्टेबल का वीडियो बनवाने लगा।
हेड कॉन्स्टेबल धीरेन्द्र ने अकेले ही शाकाल की पकड़ बनाई और टीआई सहित थाने के बल को मौके पर बुलाने की बात कही। इस दौरान शाकाल ने पुलिसकर्मी धीरेन्द्र को धक्का देकर भाग निकला।
एसीपी बोले- पुलिस की रूटीन चेकिंग का हिस्सा
बाद में टीआई यशवंत बडोले ने मामले की जानकारी ली। एसीपी विवेक सिंह ने बताया कि यह पुलिस की रूटीन चेकिंग का हिस्सा है। आरोपी शाकाल एक हिस्ट्रीशीटर है और हेड कॉन्स्टेबल अपनी ड्यूटी कर रहे थे। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश के अनुसार ऐसे बदमाशों की चेकिंग करना आवश्यक है।
हेड कॉन्स्टेबल धीरेन्द्र राठौर ने कहा कि उन्होंने बदमाश को रोककर उसकी चेकिंग की। उन्हें शंका थी कि उसके पास कोई हथियार या नशा हो सकता है। शाकाल ने पुलिसकर्मी को धक्का देकर भागने की कोशिश की, लेकिन वह वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देश का पालन कर रहे थे।

Exit mobile version