बड़ी लापरवाही:2 घंटे देरी से चली बस, टाइम कवर करने तेज दौड़ाई, डिवाइडर से टकराकर पलटी, 11 घायल

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर से वाराणसी जा रही प्राइवेट ट्रैवल्स की बस शनिवार देर रात भोपाल के पास मिसरोद में पलट गई। पलटने से पहले बस डिवाइडर से टकराई, फिर एक पोल को टक्कर मारी। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने कांच तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। बस में 50 यात्री सवार थे। इनमें 11 को चोटें आई हैं। घायलों में 7 महिलाएं हैं। जांच में सामने आया है बस इंदौर से 2 घंटे देरी से चली थी। टाइम कवर करने के लिए चालक तेजी से दौड़ा रहा था। पुलिस ने बस चालक रामकुमार को हिरासत में ले लिया है।
रमाशिव ट्रैवल्स की बस मंडीदीप की ओर रवाना हुई थी। सी-21 (कैपिटल) मॉल के पास बस के आगे ट्रक चल रहा था। उसी समय बायीं तरफ से सफेद रंग की कार निकली। कार और बस तेज रफ्तार में थे। उसी समय चालक बस से संतुलन खो बैठा। तेज रफ्तार बस डिवाइडर से टकराती हुई पलट गई। बस की चपेट में आई कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।
ड्राइवर बोला- दो घंटे देरी हो गई थी
पुलिस ने चालक रामकुमार से पूछताछ की। चालक ने बताया कि इंदौर से हम दो घंटे देरी से चले थे। बस का भोपाल पहुंचने का समय रात सवा 10 बजे के आसपास का है। हादसे वाली रात बस 12:15 बजे भोपाल पहंुची थी। वाराणसी समय से पहुंचना था, इसलिए जल्दबाजी थी। चालक रीवा का रहने वाला बताया जा रहा है। हादसे के समय मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया डिवाइडर से टकराने से पहले बस ने एक पोल में टक्कर मारी, जो 100 फीट दूर गिरा।
चालक की लापरवाही है, केस दर्ज होगा
^हादसे में बस चालक की पूरी लापरवाही है। यात्रियों की जान की परवाह किए बगैर वह तेजी से भगा रहा था। उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। – संजय अग्रवाल, डीसीपी जोन-2 (भोपाल)

Exit mobile version