इंदौर स्कीम नंबर 71 में खाली प्लॉट में खड़ी बोलेरो पिकअप गाड़ी चुराने वाले कांटाफोड़ के एक कुख्यात चोर को पुलिस ने फुटेज के आधार पर दो महीने में पकड़ लिया है। उसने गाड़ी को काट दिया था। अब बेचने की फिराक में था। अभी उसका साथी फरार है।
अन्नपूर्णा एसीपी शिवेंदु जोशी ने बताया कि पकड़ाया बदमाश नवाब पिंडारे (40) निवासी इन्द्रा नगर कांटाफोड़ जिला देवास है। उसके साथी अफजल उर्फ बारीक खान निवासी ग्राम ठाणा कांटाफोड़ की तलाश है। आरोपी नवाब ने दो महीने पहले अन्नपूर्णा थाना इलाका स्थित स्कीम 71 डी सेक्टर के खाली प्लॉट से लोडिंग वाहन चुरा लिया था। टीआई राहुल राजपूत ने रिपोर्ट दर्ज टीम को आरोपी की तलाश में लगाया था। तब एक फुटेज सामने आया था, जिसमें एक युवक लोडिंग चुराते दिख रहा था।
आसपास कई जगह छानबीन की, लेकिन आरोपी का पता नहीं चल पा रहा था। आखिर गाड़ी के और फुटेज देख पुलिस नौलखा होते हुए तीन इमली, देवगुराड़िया से चापड़ा पहुंची। यहां के कुछ लोगों ने बताया कि ये बदमाश कांटाफोड़ का हो सकता है। फिर वहां के लोगों ने बताया कि यह तो इंद्रा नगर में रहने वाला कुख्यात चोर नवाब पिंडारे है।
पुलिस ने उसे पकड़ा तो उसने जुर्म स्वीकार कर लिया। अलग-अलग थानों में 10 से ज्यादा अपराध दर्ज – आरोपी ने कबूला कि लोडिंग चुराकर लाया और घर पर रख दी थी। बाद में उसने और साथी अफजल उर्फ बारीक ने लोडिंग को काटा। फिर उसके पार्ट्स को बेचने के लिए अफजल उर्फ बारीक को दे दिए थे। आखिर पुलिस ने उसके घर से पार्ट्स जब्त कर लिए।
