इंदौर के आजाद नगर थाना क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी इतनी बढ़ी कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। दोनों पक्षों में खूब लात-मुक्के चले। घटना पुरानी जेल के पीछे स्थित मस्जिद के पास की है। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने क्रास केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली शिकायत मो. सैफ अली खान निवासी आजाद नगर ने की है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह नमाज पढ़कर मस्जिद से लौट रहा था, तभी फरहान ने पुराने विवाद की रिपोर्ट को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरिफ ने बेल्ट से सिर पर हमला कर दिया। वहीं अल्फेज ने लकड़ी के डंडे और अमन ने मुक्कों से मारपीट की। हमले में सैफ अली को चोटें आई हैं। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
रेहान ने कहा-चारों आरोपियों ने की मारपीट
दूसरी ओर अब्दुल रेहान निवासी आजाद नगर ने अहमद, मोईन, सैफ और मो. दिशान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। रेहान के मुताबिक, वह मस्जिद के बाहर खड़ा था, तभी चारों आरोपी आए और पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौज करते हुए लात-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान अहमद ने नुकीली चीज से पैर पर वार किया, जिससे वह घायल हो गया। आरोपियों ने उसे भी जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने दर्ज किया क्रास मुकदमा
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
