पत्नी ने खाया जहर, पति ने खुद को गोली मारी:इंदौर में दंपती ने आपस में विवाद के बाद उठाया कदम; महिला की हालत गंभीर

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर में एक दंपती के बीच विवाद इतना बढ़ा कि पत्नी ने जहर खा लिया। इसके बाद पति ने खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया। महिला को हालत गंभीर बनी हुई है। उसे अस्पताल में आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
घटना बाणगंगा इलाके में सोमवार शाम 5 बजे की है। पुलिस ने बताया कि कंट्रोल रूम पर सूचना मिली थी कि अजब सिंह राजपूत ने 12 बोर की बंदूक से खुद को गोली मार ली। उसकी वहीं मौत हो गई। वहीं उसकी पत्नी बबीता ने जहर खा लिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। महिला को अस्पताल भेजा गया। वहीं अजब सिंह की मौत की पुष्टि होने पर अफसरों को मामले की जानकारी दी गई।
फैक्ट्री में काम पर गया हुआ था बेटा
अजब सिंह निजी कंपनी में मोल्डिंग का काम करता था। परिवार में दो बेटे शुभम और अनुज राजपूत है। शुभम दोपहर में फैक्ट्री पर काम से गया था। वही अनुज बीना के पास गांव में है। पुलिस ने शुभम से बात की तो उसने बताया कि घर पर माता-पिता के बीच क्या हुआ इस बात की उसे जानकारी नहीं है।
पिता की थी लाइसेंसी बंदूक
अजब सिंह का परिवार मूल रूप से बीना का रहने वाला है। करीब 5 साल पहले काम को लेकर परिवार इंदौर आया था। जिस बंदूक से अजब सिंह ने सुसाइड किया वह उसके पिता की लाइसेंसी बंदूक थी। पुलिस ने उसे जब्त कर लिया है। मंगलवार को अजब सिंह का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पत्नी बबीता अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है।

Exit mobile version