पति-सास-ससुर पर मारपीट का केस दर्ज

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में एक रेस्टोरेंट के पास समझौता करने पहुंचे पति और उसके माता-पिता ने बहू और उसके मायके पक्ष के लोगों के साथ मारपीट कर दी। मामले में पुलिस ने महिला की शिकायत पर पति, ससुर और सास के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस के मुताबिक स्कीम नंबर 78 निवासी वर्षा भदकारे की शिकायत पर उसके पति अश्विनी, ससुर नारायण और सास मीरादेवी के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। वर्षा ने बताया कि उसकी शादी फरवरी 2025 में हुई थी। शादी के कुछ माह बाद पति से विवाद होने पर वह मायके आकर रहने लगी थी।
विवाद सुलझाने पहुंचे थे रेस्टोरेंट
रविवार को आपसी विवाद सुलझाने के लिए सभी लोग एरोड्रम क्षेत्र में मिडप्लाइट रेस्टोरेंट के पास, चील चौराहे के नजदीक मिले थे। बातचीत के दौरान आरोप है कि पति और ससुर अपशब्द कहने लगे। जब वर्षा के पिता ने इसका विरोध किया तो पति, ससुर और सास ने धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद वर्षा थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। एरोड्रम पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version