इंदौर के छत्रीपुरा इलाके में रविवार सुबह एक नाबालिग हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से झुलस गया। आसपास के लोगों ने बच्चे को देखा और जिला अस्पताल ले गए। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने काफी देर तक उसका उपचार नहीं किया और उसे एमवाय अस्पताल ले जाने की सलाह दी। अस्पताल में मौके पर कर्मचारी न होने के कारण निवासी बच्चे को उठाकर एम्बुलेंस तक ले गए।
वर्तमान में बच्चे का एमवाय अस्पताल में उपचार चल रहा है। नाबालिग 50% झुलस चुका है।
पुलिस के अनुसार, घटना रविवार सुबह लकड़ी मंडी इलाके की है। आठ वर्षीय नाबालिग गुड़िया को हाईटेंशन लाइन से झुलसने के बाद पहले जिला अस्पताल ले जाया गया। मौके पर मौजूद ड्यूटी डॉक्टरों ने बच्चे का उपचार शुरू किया, लेकिन कुछ देर बाद प्राथमिक उपचार कर उसे एमवाय अस्पताल भेजने की बात कही।
पतंग लुटते वक्त हुआ हादसा
इसके बाद स्थानीय निवासी संदीप पाल और लालू ने बच्चे को स्ट्रेचर पर उठाकर एम्बुलेंस तक पहुंचाया। रहवासियों के अनुसार, गुड़िया के परिजनों को काफी देर बाद सूचना मिली और वे सीधे अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने बताया कि बच्चे को पतंग लुटते समय करंट लगने की आशंका है। फिलहाल पुलिस यह पता लगा रही है कि किस परिस्थितियों में बच्चे को करंट लगा।
