बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के बीच समस्तीपुर की सांसद और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की नेता शांभवी चौधरी एक वायरल वीडियो के चलते चर्चा में आ गई हैं. वीडियो में उनकी दोनों हाथों की उंगलियों पर स्याही के निशान दिख रहे हैं, जिसके बाद सोशल मीडिया पर आरोप लगने लगे कि उन्होंने दो बार मतदान किया.
विवाद बढ़ने पर पटना जिला प्रशासन ने भी बयान जारी किया और स्थिति स्पष्ट की. जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, यह घटना 182-बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 61 (सेंट पॉल्स प्राइमरी स्कूल, बुद्धा कॉलोनी) की है. बयान में कहा गया, “स्याही लगाने वाले मतदान कर्मी ने भूलवश दाहिने हाथ की उंगली पर स्याही लगा दी थी. पीठासीन पदाधिकारी के हस्तक्षेप के बाद बाएं हाथ की उंगली पर भी स्याही लगाई गई. सांसद शांभवी चौधरी ने केवल एक ही बार मतदान किया है, उनके नाम पर मतदाता सूची क्रमांक 275 दर्ज है.”
