कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री वर्मा ने 5 बीएलओ को दिए शोकाज नोटिस
इंदौर जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य तेजी से जारी है। निर्वाचन कर्तव्यों में लापरवाही बरतने एवं आदेशों की अवहेलना करने वालों के विरूद्ध कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री शिवम वर्मा ने कड़ा रूख अपनाया है। उन्होंने निर्वाचन कर्तव्य में लापरवाही एवं आदेश की अवहेलना करने वाले 5 बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी किये है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त सभी 5 कर्मचारियों को बीएलओ के रूप में नियुक्त किया गया है। इन्होंने इस संबंध में जारी आदेश की अवहेलना करते हुये कार्य करने से इंकार कर दिया एवं अभद्रतापूर्ण व्यवहार किया। जिससे कार्य में अनावश्यक रूप से विलंब की स्थिति निर्मित हुई।
कलेक्टर श्री वर्मा ने उनके इस कृत्य को स्वेच्छाचारिता एवं निर्वाचन कर्तव्य में घोर लापरवाही तथा अनुशासनहीनता की श्रेणी में मानकर शोकाज नोटिस दिया है। जिनके विरूद्ध कार्रवाई की गई है उनमें नगर निगम के लिपिक श्री विनोद देवांग, सीपीडब्ल्यूडी के बहुश्रेणी कर्मचारी श्री प्रिंस पटेल, शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मल्हार आश्रम के शिक्षक श्री राजाबाबा गौड़, सोनगुराड़िया स्कूल के शिक्षक श्री रवि कुमार राय और नगर निगम के लिपिक श्री महेश राही शामिल है। इन्हें अपना जवाब 24 घंटे में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए है।
