देवास हत्याकांड:मां समझी दोनों बच्चे सो रहे हैं, प्रेमी ने रात में ही हत्या कर ओढ़ा दी थी चादर विवाद के बाद घटना को दिया अंजाम

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read


शहर के ढांचा भवन क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां किराए के मकान में रहने वाली महिला के दो मासूम बच्चों की बेरहमी से हत्या उसी के प्रेमी ने कर दी। प्रारंभिक पीएम रिपोर्ट के मुताबिक एक बच्चे की मौत दम घुटने और दूसरे की बेरहमी से पीटने के कारण हुई। पुलिस ने महिला के प्रेमी लोकेंद्र को हिरासत में ले लिया है।
एसपी पुनीत गेहलोत ने बताया कि शनिवार सुबह 7.30 बजे प्रिया यादव अपने बेटे हेमंत (7) और बेटी निशा (3) को पड़ोसन रीना के साथ निजी अस्पताल लेकर पहुंची। वहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया। लेकिन डॉक्टरों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी लगते ही जब पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे का सामान बिखरा मिला। घर में टूटी चूड़ी और झाड़ू भी मिली। ऐसे में यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि बच्चों के साथ बेरहमी से मारपीट की गई है। पुलिस ने प्रिया और रीना से पूछताछ की तो झगड़े की बात सामने आई।
मृत बच्चों को सोया समझ रही थी मां :
शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात प्रिया दोनों बच्चों और प्रेमी लोकेंद्र के साथ पड़ोस में बर्थडे पार्टी में गई थी। वहां से देर रात लोकेंद्र शराब के नशे में घर पहुंचा और प्रिया से झगड़ा करने लगा। विवाद बढ़ता देख प्रिया कुछ देर के लिए रीना के यहां चली गई। काफी देर बाद जब वह घर पहुुंची तो दोनों बच्चे और लोकेंद्र सोते हुए मिले।
सुबह होते ही लोकेंद्र काम पर निकल गया, लेकिन बच्चे काफी देर तक नहीं जागे तो प्रिया दोनों को रीना के साथ अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने बच्चों को मृत घोषित कर दिया। फरार लोकेंद्र को जब पुलिस ने हिरासत में लिया तो उसने गुनाह कबूल लिया और बताया कि उसने रात में ही बच्चों की हत्या कर दी थी और चादर से ढक दिया था।
प्रेमी को पति बताकर किराए से लिया मकान:
मथुरा की रहने वाली प्रिया यादव ने मुरैना के विष्णु कटारा से प्रेम विवाह किया था। लेकिन दोनों में अनबन होने से वह काम की तलाश में पीथमपुर पहुंची और कंपनी में काम करने लगी। करीब तीन माह पहले वह देवास रहने के लिए आई थी। मकान मालकिन कौशल्या ने बताया कि प्रिया ने लोकेन्द्र उर्फ राहुल मालवीय निवासी सोनकच्छ को पति बताकर 3 महीने पहले मकान किराए से लिया था। मकान दिलाने में पड़ोस में रहने वाली रीना और उसके पति राकेश की भूमिका रही है।

Exit mobile version