
इंदौर में ट्रैफिक पुलिसकर्मी और सूबेदार के साथ मारपीट करने का वीडियो सामने आया है। पुलिस चेकिंग के दौरान कार चलाने वाले लोगों ने टीम का पहले तो सहयोग नहीं किया। जब उन्हें ब्रीथ टेस्ट करने को कहा तो वह पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करने लगे और भिड़ गए। आरोपी खुद को हिंदूवादी नेता बता रहे थे। मामला सोमवार रात मधुमिलन चौराहे का है। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और मारपीट करने का केस दर्ज कर हिरासत में लिया है। मामले की जांच चल रही है।
हिंदूवादी संगठन का प्रदेशाध्यक्ष बताकर भिड़े
ट्रैफिक पुलिसकर्मी अजय सिंह तोमर और सूबेदार काजिम हुसैन रिजवी मधुमिलन क्षेत्र में चेकिंग पॉइंट पर तैनात थे। इसी दौरान रात में एक कार (MP09CY9452) तेज गति से लहराती हुई आई। पुलिस ने शराब पीने की आशंका में कार को रोका। कार में नरेंद्र सिंह बघेल, भाई अनिल थे।
उनसे जब सांस जांच (ब्रीथ एनालाइजर) के लिए कहा तो दोनों ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और एक ने खुद को राष्ट्रीय हिंदू परिषद का प्रदेश अध्यक्ष बताया, नरेंद्र ने पुलिसकर्मियों से बहस शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की।
पुलिस टीम ने मौके पर ही किया गिरफ्तार
सूबेदार काजिम रिजवी ने वायरलेस सेट के माध्यम से छोटी ग्वालटोली थाने से मदद मांगी, जिसके बाद पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार सवार चारों आरोपियों को थाने भेज दिया। ट्रैफिक पुलिसकर्मी अजय सिंह तोमर की शिकायत पर नरेंद्र सिंह बघेल, अनिल, दिनेश कौशल और जुनेय के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा और मारपीट का मामला दर्ज किया गया।
