ट्रक की चपेट में आए पति-पत्नी:क्रेन से बाहर निकाले; हालत देख छोटा भाई बेहोश, कार लेने जा रहे थे

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के राजेन्द्र नगर इलाके में बाइक सवार पति-पत्नी ट्रक के नीचे फंस गए। करीब 30 मिनट तक वह ट्रक के नींचे दबे रहे। क्रेन से ट्रक को उठाकर उन्हें और बाइक को निकाला। भाई-भाभी की हालत देखकर छोटा भाई मौके पर ही बेहोश हो गया।
दंपती गंभीर हालत में है, दोनों का निजी अस्पताल के आईसीयू में उपचार चल रहा है। पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है।
राजेन्द्र नगर पुलिस ने बताया घटना रविवार दोपहर करीब 2 बजे रेलवे ब्रिज के पास हुंडई शोरूम के एयू सिनेमा के सामने हुई। पीथमपुर निवासी राजेश भोसले और उनकी पत्नी अनिता भोसले नई कार लेने के लिए भंवरकुआं शोरूम के लिए निकले थे।
राजेश ने अपनी बाइक ट्रक को ओवरटेक करते हुए रास्ते में जा रहे ट्रक से आगे निकाली। दोनों वहां पड़ी गिट्‌टी पर स्लीप हो गए। इसके बाद पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक सहित दंपती को चपेट में ले लिया।
भाई-भाभी की हालत देख हुए बेहोश
घटना के समय राजेश के पीछे छोटे भाई गणेश भोसले और भतीजे गौरव भी अपनी बाइक से आ रहे थे। उन्होंने जब हादसा देखा तो भाई और भाभी को देखकर वह बेहोश हो गए। कुछ देर बाद जब उन्हें होश आया तो उन्होंने लोगो को बताया कि दोनों उनके भैया और भाभी हैं।
दंपती के भतीजे गौरव ने बताया कि वह सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। उनके बडे़ पिता राजेश और बडी मां अनिता दोनों सरकारी टीचर है। उनके तीन बच्चे हैं।
हादसे के बाद भी पति के हालचाल पूछती रही पत्नी
हादसे के बाद जब राजेश और अनिता को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला गया तो अनिता बदहवास हालत में भी अपने पति राजेश से उनके हालचाल पूछती रही। इस दौरान वहां मौजूद लोग उन्हें ढांढस बाधते नजर आए। लोगो के मुताबिक यहां ब्रिज का निर्माण हाेने से सड़क की दोनो तरफ बारिक चूरी और गड्‌ढे हो रहे है। इसके चलते यहां हादसे होते रहते है।

Exit mobile version