
इंदौर के विजय नगर थाना क्षेत्र के स्कीम नंबर 54 में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में छत से गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अमन सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तराखंड का रहने वाला था और इंदौर के एक निजी होटल में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत था। घटना देर रात की बताई जा रही है, जब अमन सिंह अपने निवास की छत पर था। इसी दौरान वह अचानक नीचे गिर पड़ा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। मौके पर पहुंची विजय नगर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अभी यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि यह हादसा था या आत्महत्या। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रही है और मृतक के मोबाइल व निजी जीवन से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनकी मौजूदगी में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।
