गंगवाल बस स्टैंड पर हादसा:स्कूल बस ने बुजुर्ग का पैर कुचला; पुलिसकर्मी देखते रहे

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

घटना गंगवाल बस स्टैंड पर गुरुवार दोपहर 3.25 बजे की है। एक बुजुर्ग चौराहा पार कर रहे थे। तभी धार रोड से शिवानी होटल तरफ जा रही एक स्कूल बस ने उन्हें चपेट में ले लिया। बुजुर्ग जैसे ही गिरे, बस का पिछला पहिया उनके पैर पर चढ़ गया।
पैर बुरी तरह कुचला गया। कुछ राहगीर रुके और उनकी मदद करने लगे। एक ने बस रुकवाई, लेकिन वहां खड़े एएसआई और महिला ट्रैफिक पुलिस सिर्फ देखते ही रहे। लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, वहां इलाज चल रहा है।
छत्रीपुरा पुलिस के अनुसार, घायल का नाम हरलाल प्रजापति (85) निवासी रामानंद नगर है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने रिपोर्ट में बताया कि बुजुर्ग अपने किसी काम से निकले थे। गंगवाल बस स्टैंड पर भारी जाम लगा हुआ था। वे अपनी लेन में चौराहा पार कर रहे थे तभी पास से ओमनी स्कूल की बस (एमपी 09 एफए 9426) निकली और बुजुर्ग को पिछले हिस्से से टक्कर मारी और चपेट में ले लिया।
लोगों ने स्कूल बस को छोड़, क्लीनर को रोक लिया
हादसा होता देख कुछ युवक रुके, उन्होंने बुजुर्ग को उठाया और साइड में बैठाया। दर्द के कारण बुजुर्ग का बुरा हाल था। राह चलते लोग भी उनकी पीड़ा देख नहीं पा रहे थे। बुजुर्ग का नाती वहां आया और भीड़ जमा हो गई। इसी बीच बस के ड्राइवर और क्लीनर भी वहां आए।
नाती और जमा भीड़ ने कहा कि स्कूली बच्चे परेशान होंगे। उन्होंने ड्राइवर को कहा तुम बस ले जाओ, लेकिन क्लीनर को यहीं रहने दो। वैसे भी हमने बस के साथ आरोपियों के फोटो ले लिए हैं। मामले में पुलिस ने रात में केस दर्ज किया।
हादसों वाला चौराहा है गंगवाल बस स्टैंड
राहगीर रघु यादव ने बताया, हादसों वाला चौराहा बन चुका है गंगवाल बस स्टैंड। यहां से आने-जाने वाली बसें मनमाने तरीके से चलती हैं। चौराहे पर आधा-आधा घंटे खड़ी रहती हैं। इसी से जाम लगता है और हादसे होते हैं। चौराहे पर 3 से 4 पुलिसकर्मी रहते हैं, लेकिन वे कभी बसों को हटाते नहीं हैं।
कॉल सेंटर वाले ने गंभीरता नहीं दिखाई
घटना के बाद एक युवक ने 108 इमरजेंसी सेवा पर कॉल किया। ऑपरेटर जानकारी ही मांगता रहा। फिर उसने इंदौर की 108 वाले से कनेक्ट करवाया। सामने वाले ने कहा हमारी गाड़ी अभी लसूड़िया इलाके में है। आने में वक्त लगेगा। कॉल सेंटर वाला पास की कोई और गाड़ी की लोकेशन नहीं बताया पाया न उनसे बाद में कॉन्टैक्ट किया।

Exit mobile version