इंदौर,
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देश पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण पर बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में अवैध रूप से संग्रहित गैस सिलेंडर जप्त किए गए।
जिला आपूर्ति नियंत्रक श्री एम.एल. मारु के मार्गदर्शन में टीम ने रामानंद नगर, वार्ड क्रमांक 05 में दो स्थानों पर छापा मारा। श्री महेश अग्रवाल पिता राधा अग्रवाल (बालाजी इलेक्ट्रिक) के घर से कुल 09 घरेलू गैस सिलेंडर — जिनमें 06 भरे और 03 खाली जब्त किए गए। वहीं, श्रीमती पुष्पा राठौड़ पति मोहन राठौड़ के घर से 12 घरेलू गैस सिलेंडर जिनमें 07 भरे और 05 खाली बरामद किए गए।
इस प्रकार कुल 21 सिलेंडर (13 भरे और 8 खाली) जब्त किए गए। यह कार्रवाई आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के अंतर्गत की गई है।
कार्यवाही में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्री अंकुर गुप्ता, श्री राहुल शर्मा और श्री एस.एस. गामड़ की टीम शामिल रही।
अधिकारियों ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में 50 से अधिक सिलेंडर जब्त किए गए हैं और एक गैस रिफिलिंग केंद्र के खिलाफ अभियोजन की कार्रवाई भी की गई है। संबंधित प्रकरण में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशानुसार अवैध गैस भंडारण और बिक्री पर सख्त कार्रवाई का सिलसिला जारी रहेगा। जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आगामी दिनों में और भी विशेष अभियान चलाए जाएंगे।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी कॉलोनी या क्षेत्र में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण या रिफिलिंग की जा रही हो, तो तुरंत खाद्य विभाग को इसकी सूचना दें।
