कावड़ यात्रियों की दुर्घटना : घायलों का समुचित उपचार जारी, कलेक्टर श्री आशीष सिंह ने दिए बेहतर इलाज के निर्देश.

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read


खंडवा रोड पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना में घायल कावड़ यात्रियों का समुचित उपचार कराया जा रहा है। सभी घायलों की स्थिति अब सामान्य बताई गई है, जबकि एक गंभीर रूप से घायल ध्रुव पिता सत्यनारायण (नंदन नगर) का इलाज बाम्बे अस्पताल में जारी है। प्रशासन द्वारा सभी घायलों के इलाज का खर्च शासकीय मद से वहन किया जा रहा है।
कलेक्टर श्री आशीष सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए और उपचार में किसी भी प्रकार की कोर-कसर नहीं होनी चाहिए।
इस दुर्घटना में एक कावड़ यात्री आदर्श पिता संजय नाथ (राज नगर) की मृत्यु हो गई है। जिला प्रशासन द्वारा तत्काल सहायता के रूप में उनके परिजनों को रेडक्रॉस फंड से 50 हजार रुपये तथा एक अन्य मद से 15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
एसडीएम महू श्री राकेश परमार ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। कुल 6 घायलों में से 5 यात्रियों जितेन्द्र पिता प्रेमनारायण (न्याय नगर), यश पिता संदीप (लालबाग), विकास पिता बाबूलाल (नंदन नगर), शुभम पिता सुरेश (नंदन नगर) तथा दुर्गेश पिता विजय (जय भवानी नगर) का इलाज एमवाय अस्पताल में किया जा रहा है।
घायलों के उपचार पर जिला प्रशासन द्वारा निरन्तर जानकारी रखी जा रही है और आवश्यक सभी चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

Exit mobile version