इंदौर के तुकोगंज इलाके के इंद्रप्रस्थ टॉवर चौराहे पर बुधवार देर रात एक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने एक टैक्सी को टक्कर मार दी। कार में कुछ युवतियां सवार थीं, जो घटना के बाद मौके से फरार हो गईं।
तुकोगंज पुलिस के मुताबिक, टैक्सी ड्राइवर वसीम खान निवासी खजराना, अपनी कार (MH 04 KF 0105) से रात करीब 1:30 बजे रीगल चौराहे से पलासिया की ओर सवारी लेकर जा रहा था। जैसे ही वे इंद्रप्रस्थ टॉवर चौराहे पर पहुंचा, गीताभवन की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार (MP 09 CK 0072) ने उनकी टैक्सी को टक्कर मार दी।
वसीम के अनुसार, टक्कर के बाद जब उन्होंने कार में देखा तो उसमें युवतियां सवार थीं। वसीम ने जब तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने की बात कही, तो वे घबरा गईं और तुरंत अपने परिचितों को कॉल किया। कुछ ही देर में दूसरी कार आई और सभी युवतियां उसमें बैठकर मौके से चली गईं।
घटना की सूचना मिलने के काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों कारों को थाने ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि टक्कर मारने वाली कार अतुल गंजीवाल के नाम पर रजिस्टर्ड है।
इस हादसे में वसीम की कार में बैठी सवारी को मामूली चोट आई। प्राथमिक उपचार के बाद वह दूसरी टैक्सी से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गई।
