कांग्रेस विधायकों के लिए “नव संकल्प शिविर” का आयोजन – वरिष्ठ नेताओं और विशेषज्ञों के साथ बनेगी मिशन 2028 की रणनीति

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष श्री उमंग सिंघार ने आज इंदौर प्रेस क्लब में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कांग्रेस के नव संकल्प शिविर के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की। श्री सिंघार ने बताया कि धार जिले के मांडू में 21 और 22 जुलाई को कांग्रेस विधायक दल की ओर से “नव संकल्प शिविर” का आयोजन किया जा रहा है। इस दो दिवसीय शिविर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, राजनीतिक विशेषज्ञ और प्रेरक वक्ता विधायकों के साथ गहन चिंतन कर अपने अनुभव साझा करेंगे।

श्री सिंघार पिछले 2 दिनों से मांडव में रुककर लगातार तैयारियों का जायजा भी ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि शिविर को वर्चुअली श्री राहुल गांधी जी भी संबोधित करेंगे, जो विधायकों को पार्टी की रणनीति, मूल्यों और समकालीन राजनीतिक चुनौतियों पर मार्गदर्शन देंगे। नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि इस शिविर में कुल 12 सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसमें कांग्रेस पार्टी के इतिहास, आजादी के आंदोलन में उसके योगदान, संगठनात्मक रणनीति और पार्टी की भविष्य की योजना पर चर्चा होगी।

नेता प्रतिपक्ष श्री सिंघार ने कहा कि कांग्रेस की नई सोच–नई रणनीति, मिशन 2028 और राज्य की जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर विधायकों से मंथन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विधायकों के साथ भाजपा सरकार को घेरने और जनता की जनसमस्याओं पर मंथन कर आगे की रणनीति बनाई जाएगी।

शिविर को संबोधित करने वाले प्रमुख नेता एवं वक्ता:

- Advertisement -
  • श्री जीतू पटवारी – अध्यक्ष, मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी
  • श्री हरीश चौधरी – प्रदेश प्रभारी
  • श्री सोनू शर्मा – प्रेरक वक्ता
  • श्री भगवंदेव इसरानी – पूर्व प्रमुख सचिव, म.प्र. विधानसभा
  • श्री कमलनाथ – पूर्व मुख्यमंत्री
  • श्री विवेक तन्खा – सांसद, राज्यसभा
  • श्री पवन खेड़ा – अध्यक्ष, एआईसीसी मीडिया विभाग
  • श्री अजय माकन – कोषाध्यक्ष एवं सांसद, राज्यसभा
  • सुश्री सुप्रिया श्रीनेत – अध्यक्ष, कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यह ट्रेनिंग प्रोग्राम नहीं है क्योंकि सभी विधायक नेता हैं। ये मिशन 2028 की तैयारी के तहत नव संकल्प शिविर है। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से ना सिर्फ पार्टी संगठन मजबूत होगा बल्कि और ज्यादा मजबूती के साथ सड़क से लेकर सदन तक हम जनता के मुद्दे उठाएंगे।

Exit mobile version