एमआईटी स्टूडेंट के सुसाइड से पहले कमरे में था दोस्त: परिजनों के बयान पर प्रताड़ना और उकसाने का केस; दूसरे युवकों से बातचीत पर हुआ था विवाद

By Abhishek Raghuvanshi
4 Min Read

इंदौर के खजराना क्षेत्र में एमआईटी की छात्रा जाग्रति कर्मा (22) ने अपने दोस्त हर्ष मिश्रा के कमरे में बुधवार रात आत्महत्या की थी। घटना के बाद हर्ष उसे इलाज के लिए एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की। बाद में जाग्रति की मां के बयान के आधार पर गुरुवार देर शाम हर्ष के खिलाफ प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है।
दूसरे युवकों से बातचीत पर हुआ था विवाद
खजराना थाना प्रभारी मनोज सेंधव के मुताबिक, पुलिस ने हर्ष मिश्रा के खिलाफ धारा 306 के तहत एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में हर्ष ने बताया कि जाग्रति के दूसरे युवकों से बातचीत करने को लेकर उनके बीच अक्सर विवाद होता था। घटना वाली रात भी इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर वह कमरे से बाहर निकलकर दूसरे कमरे में चला गया। करीब दस मिनट बाद जब अंदर से कोई आवाज नहीं आई तो उसने झांककर देखा, तो जाग्रति फंदे पर लटकी हुई थी।
पुलिस के अनुसार, जाग्रति की मां ने बयान में बताया कि करीब 15 दिन पहले जाग्रति ने उनसे कहा था कि वह हर्ष से शादी करना चाहती है, लेकिन हर्ष उसे शादी को लेकर लगातार टाल रहा था और कथित रूप से उसे मानसिक रूप से परेशान कर रहा था। इसी आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की है।
भंवरकुआ में करता है जॉब
हर्ष भंवरकुआ क्षेत्र की एक निजी कंपनी में जॉब करता था और पिछले कुछ वर्षों से जाग्रति के संपर्क में था। करीब 8 दिन पहले ही वह इंदौर आकर रहने लगा था। जब पुलिस ने जाग्रति के परिजनों को हर्ष के बारे में जानकारी दी तो वे बेहद आक्रोशित हो गए और बेटी की मौत को हत्या बताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने की।
रेस्टोरेंट में हुई थी पहचान
हर्ष और जाग्रति की पहचान एक रेस्टोरेंट में हुई थी, जिसके बाद दोनों लंबे समय से एक-दूसरे के संपर्क में थे और अक्सर मिलते-जुलते रहते थे। जाग्रति पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों को ट्यूशन भी पढ़ाती थी। परिवार को यह जानकारी थी कि वह इंदौर गई हुई है, लेकिन परिजनों का कहना है कि उन्हें अंदेशा नहीं था कि हर्ष उसके साथ ऐसा कदम उठाएगा।
एमआईटी कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी जागृति
पुलिस जांच में सामने आया है कि जागृति उज्जैन के एमआईटी कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी और मूल रूप से रीवा की रहने वाली थी। वह एक सप्ताह पहले इंदौर में दोस्त हर्ष के पास रहने आई थी। हर्ष मूल रूप से देवास का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे।
मकान मालिक पर भी कार्रवाई
खजराना टीआई मनोज सेंधव ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में सांईकृपा कॉलोनी में रहने वाले अभिषेक पुत्र प्रकाशचंद्र पाठक पर भी पुलिस ने कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि 8 दिन से रहने के बाद भी उन्होंने हर्ष को लेकर थाने पर जानकारी नहीं दी थी। उन पर प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की गई है।

Exit mobile version