इसलिए तो स्वच्छता में सबका गुरु है इंदौर, 8 हजार सफाई कर्मचारी छुट्टी पर… नेता और जनता खुद उतरे सफाई करने

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read


इंदौर नगर निगम के 8 हजार से ज्यादा सफाई मित्र गोगा नवमी के अगले दिन अवकाश पर हैं। इस दिन शहर की सफाई व्यवस्था संभालने के लिए जनप्रतिनिधि, रहवासी संघ, सामाजिक संगठन आदि आगे आए हैं। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने खुद सुबह राजवाड़ा पर स्वच्छाग्रही जनभागीदारी अभियान की शुरुआत की।
जनप्रतिनिधि और नागरिक एकजुट, इंदौर को साफ-सुथरा बनाने के लिए की सफाई।
सामाजिक संगठन और रहवासी संघ भी शामिल, सफाई व्यवस्था संभालने के लिए आगे आए।
नगर निगम के सफाई मित्रों को हर वर्ष गोगा नवमी के अगले दिन अवकाश दिया जाता है।
इंदौर। इंदौर नगर निगम के आठ हजार से ज्यादा सफाई मित्र गोगा नवमी के अगले दिन यानी आज अवकाश पर हैं। आज शहर की सफाई व्यवस्था जनप्रतिनिधि, रहवासी संघ, सामाजिक संगठन आदि संभाल रहे हैं।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि शहर के विभिन्न स्थानों पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न संगठन, रहवासियों के साथ-साथ निगम अधिकारियों द्वारा अपने-अपने जोन और वार्ड क्षेत्र में स्वच्छाग्रही जनभागीदारी अभियान चलाया गया है। महापौर भार्गव और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने खुद सुबह सात बजे इस अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि सफाई मित्र पूरे वर्ष मौसम की परवाह किए बगैर हमेशा मैदान में रहते हैं।
यह हमारा दायित्व है कि जिस दिन उनकी छुट्टी है उस दिन भी हम इंदौर को साफ-स्वच्छ बनाए रखें। विभिन्न स्थानों पर क्षेत्रीय विधायकगण, पार्षद, नागरिक, जनप्रतिनिधियों के साथ रहवासी संगठन, सामाजिक संगठन, धार्मिक संगठन, बैंकिग संगठन, मार्केट एसोसिएशन, स्वयंसेवक संघ, एनजीओ आदि अभियान में शामिल हो रहे हैं।
गोगा नवमी के अगले दिन हर वर्ष रहता है अवकाश
नगर निगम के सफाई मित्रों को हर वर्ष गोगा नवमी के अगले दिन अवकाश दिया जाता है। यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है। जिस दिन सफाई मित्र अवकाश पर रहते हैं उस दिन भी शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित नहीं होती। ऐसा इसलिए क्योंकि इस दिन जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संगठन, रहवासी संघ इत्यादि सफाई व्यवस्था संभालते हैं।

Exit mobile version