इंदौर में जर्जर मकानों पर लगातार नगर निगम की टीम कार्रवाई कर रही है। गुरुवार को तीन अलग-अलग जगह निगम की टीम ने जर्जर मकानों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें तोड़ा। इस अभियान का उद्देश्य जनता की सुरक्षा और संभावित दुर्घटनाओं को रोकना है। बता दे कि नगर निगम की जर्जर मकानों की लिस्ट तैयार कर ली है।
दरअसल, नगर निगम द्वारा जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खतरनाक व जर्जर मकानों को चिह्नित कर उनके खिलाफ निरंतर रिमूवल की कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को नगर निगम की टीम ने जोन क्रमांक 12 में कार्रवाई की।
टीम ने मुराई मोहल्ला में शीतल बिंदा, चंद्रभागा में रफीक रूबी बसवाला जूनी इंदौर और मुरई मोहल्ला में राम गुलाम हार्डिया के यहां रिमूवल की कार्रवाई की। निगम अधिकारियों की माने तो यह मकान कई वर्षों से काफी जर्जर स्थिति में थे, जिससे आसपास के लोगों को खतरा हो सकता था। कार्रवाई के दौरान नगर निगम के कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
जेसीबी मशीन और अमले के साथ पहुंची थी टीम
जर्जर मकानों पर कार्रवाई करने के लिए नगर निगम की टीम जेसीबी मशीन और अमले के साथ यहां पहुंची थी। कार्रवाई के पहले टीम ने सावधानी रखते हुए आसपास आवाजाही बंद की इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद से तीन अलग-अलग मकानों को जमींदोज किया।
सिंगल यूज प्लास्टिक पर कार्रवाई, 25 हजार फाइन वसूला
इधर, जोन क्रमांक 18 वार्ड स्थित लोहा मंडी क्षेत्र में निगम की टीम ने कार्रवाई की। यहां प्रवीन लॉजिस्टिक गोडाउन में बड़ी मात्रा में सिंगल यूज प्लास्टिक को अवैध रूप से छिपा रखा था और बेचा जा रहा था मौके पर लगभग 200 किलो अमानक सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त किया गया। जिसे नष्ट करने के लिए आजाद नगर GTS प्लांट पहुंचाया। नियमों का उल्लंघन करने पर संचालक पर 25 हजार रुपए का स्पॉट फाइन लगाया गया। कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी राजेश जायसवाल, सीएसआई विनय मिश्रा, सहा.सीएसआई सोबरन खरे आदि मौजूद रहे।
