इंदौर के राजेन्द्र नगर में रविवार देर शाम बजरंग दल के कार्यकर्ता एक स्पा सेंटर घुसे। यहां एक विशेष समुदाय की युवती द्वारा अनैतिक कार्य कराए जाने का आरोप लगाया गया। सूचना मिलने पर थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और सभी संबंधित व्यक्तियों पर प्रतिबंधात्मक धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई।
विश्व हिंदू परिषद के तन्नू शर्मा को सूचना मिली थी कि हवा बंगला स्थित हरिधाम मंदिर के सामने एक स्पा सेंटर की आड़ में अनैतिक कार्य किए जा रहे हैं। इस पर बजरंग दल के संयोजक अनिल पाटिल को कार्यकर्ताओं के साथ जांच के लिए भेजा गया। यहां दो महिलाएं और एक पुरुष मौजूद मिले। युवक मसाज करवा रहा था और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को देखकर वीडियो नहीं बनाने की बात करने लगा।
अनिल पाटिल ने आरोप लगाया कि यह स्पा नजमा नाम की युवती द्वारा संचालित किया जा रहा है, जबकि कागजों में उसने अपना नाम नेहा बताया हुआ है। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का कहना है कि केंद्र में आपत्तिजनक सामग्री भी मिली।
आरोप है कि सोशल मीडिया के माध्यम से डील की जाती थी और ग्राहकों को व्हाट्सऐप पर महिलाओं की तस्वीरें भेजी जाती थीं। पुराने ग्राहक अपने परिचितों को भी यहां लाते थे। सेंटर में खाने-पीने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती थी।
शिकायत मिलने के बाद राजेन्द्र नगर पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई की है।
