इंदौर में युवती को सिगरेट से दागा, कई बार रेप:पीड़िता बोली- दोस्तों से भी दुष्कर्म कराया, ब्लैकमेल किया; मीट खाने और धर्म बदलने को मजबूर किया

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

इंदौर में करणी सेना कार्यकर्ताओं ने रविवार रात को हैप्पी पंजाबी उर्फ इरफान अली नाम के युवक को पकड़कर विजयनगर पुलिस के हवाले किया है। इरफान पर एक युवती से रेप, अपने दोस्त से रेप कराने, मवेशी का मीट खिलाने और धर्म परिवर्तन को मजबूर करने, ब्लैकमेल और क्लब और पार्टियों में ड्रग सप्लाई करने के आरोप हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इरफान की करतूतों की जानकारी मिलने पर करणी सेना कार्यकर्ताओं ने रविवार देर रात उसे पकड़ा है। उन्हें बायपास के नजदीक उसकी लोकेशन मिली थी।
पकड़े जाने पर आरोपी विवाद करने लगा। उसे थाने ले जाया गया, उसके साथ 21 वर्षीय युवती भी थाने पहुंची, जिसने उस पर गंभीर आरोप लगाए। इरफान अली को देवास से जिलाबदर भी किया गया है।
2023 में हुई थी युवती और इरफान की दोस्ती
पीड़िता ने बताया कि साल 2023 में वह जॉब तलाश रही थी। इसी दौरान इरफान उसके संपर्क में आया। उसने फर्जी नाम से दोस्ती की। वह 21 मॉल के पीछे मिला था। एक दिन उसने होटल में मिलने बुलाया और सिगरेट पीने को दी।
इसके बाद युवती की तबीयत बिगड़ गई। आरोपी ने हॉलिडे होटल ले जाकर रेप किया। यहां अश्लील फोटो-वीडियो भी बनाए। इसके बाद वह वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने लगा।
युवती पर ड्रग तस्करी के लिए भी दबाव बनाया
पीड़िता ने बताया कि हैप्पी ने ब्लैकमेल करके दोस्त जावेद, मोमिन से भी उसका रेप कराया। मोमिन ने अपनी बहन के यहां उसे रखा था। इस जगह उसके कई दोस्त आते थे। उसने ड्रग तस्कर बॉब से मिलवाया और ड्रग तस्करी के लिए भी दबाव बनाया।
पीड़िता ने बताया कि इरफान उसे अपने घर देवास लेकर गया। वहां मवेशी का मीट खाने को भी मजबूर किया। कई बार उसे यहां सिगरेट से दागा और रेप कर किया। आरोपी ने धर्म परिवर्तन को लेकर भी दबाव बनाया।
केस दर्ज , अन्य साथियों की जानकारी जुटा रही पुलिस
पीड़िता की शिकायत पर विजयनगर पुलिस ने इरफान अली के खिलाफ रेप, धर्म परिवर्तन कराने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस पूछताछ कर उससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

Exit mobile version